अहमदाबाद में पीजी की छत पर इंटीटियर डिजाइनिंंग की छात्रा से सिक्योरिटी गार्ड ने किया रेप, पुलिस से भागने पर पैर में लगी गोली
गुजरात के अहमदाबाद के एक पीजी में रेप की घटना सामने आई है। उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक सिक्योरिटी गार्ड ने इंटीरियर डिजाइनिंग की पढ़ाई कर रही छात्रा को छत पर दबाेच लिया। इसके बाद जधन्य वारदात को अंजाम देने के फरार होगा। पुलिस ने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को अरेस्ट कर लिया है। इस घटना ने एक बार फिर पीजी की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अहमदाबाद/एजेंसी। गुजरात के अहमदाबाद में इंटीरियर डिजाइनिंग की पढ़ाई कर रही एक छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि आनंदनगर क्षेत्र स्थित एक पीजी की छत पर पहले से मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने छात्रा को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी छात्रा का मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में पुलिस कार्रवाई के दौरान भागने की कोशिश में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की है। पीड़िता पीजी की छत पर टहलने गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड धर्म सिंह ने कथित तौर पर उसे बंधक बना लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने छात्रा के साथ मारपीट भी की और उसे छत पर ही बंद कर दिया। बाद में वह उसका मोबाइल फोन लेकर वहां से फरार हो गया।
पीड़िता के शोर मचाने के बाद आसपास की मंजिलों पर रहने वाले लोगों को घटना की जानकारी हुई। लोगों ने मौके पर पहुंचकर छात्रा को बाहर निकाला। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
अहमदाबाद पुलिस के मुताबिक आरोपी की तलाश के लिए स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की कई टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने रविवार सुबह करीब आठ बजे हेबतपुर क्षेत्र के पास से आरोपी धर्म सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला है और घटना से महज छह दिन पहले ही पीजी में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर नौकरी पर रखा गया था। घटना के बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था और फरार हो गया था।
अहमदाबाद शहर पुलिस के डीसीपी जोन-7 शिवम वर्मा ने बताया कि आरोपी को पीड़िता से कथित तौर पर चोरी किए गए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए हेबतपुर क्षेत्र में ले जाया गया था। इसी दौरान उसने एक पुलिस निरीक्षक की सर्विस पिस्टल छीनने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान हाथापाई हुई और एक राउंड फायर हुआ, जिसमें एक पुलिस कांस्टेबल घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को काबू करने के प्रयास के दौरान एक और राउंड फायर हुआ, जिसकी गोली आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ करने के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
जेसीपी सेक्टर-1, अहमदाबाद शहर पुलिस नीरज बडगुजर ने बताया कि आरोपी ने छात्रा को काबू करने के बाद उसके साथ मारपीट की और उसे छत पर बंद कर दिया था। पुलिस के अनुसार, छात्रा के शोर मचाने के बाद आसपास के लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के दौरान आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं और वारदात से जुड़े सभी साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।




