तेज बहाव में फंसे शिक्षक को जेसीबी से बचाया, पुलिस की तत्परता से टली अनहोनी
राजस्थान में मानसून कुछ जिलों में जमकर बरस रहा है। सोमवार को झालावाड़ जिले में पानी के तेज बहाव में एक सरकारी स्कूल के टीचर फंस गए। लगातार मदद की गुहार लगाने के बाद उन्हें बचाने के लिए थानाअधिकारी ने अपनी जान जोखिम में डाल दी।

झालावाड़/राजस्थान। जिले के भालता थाना क्षेत्र में सोमवार को भारी बारिश के बीच पानी के तेज बहाव में फंसे एक शिक्षक को पुलिस ने साहसिक रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बोरखेड़ी गुजरान तिराहे के पास खाल में अचानक पानी बढ़ने से बिंदाखेड़ा निवासी शिक्षक बंकट कुमार बीच धारा में फंस गए, जबकि उनकी मोटरसाइकिल बहाव में बह गई।
सूचना मिलते ही भालता थानाधिकारी रमेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर करीब एक किलोमीटर तक सड़क पर तेज बहाव के कारण रास्ता पूरी तरह बंद था। बंकट कुमार पानी के बीच एक पेड़ की टहनी पकड़कर मदद की गुहार लगा रहे थे। तेज धारा के चलते आसपास मौजूद लोग भी उन्हें बचाने के लिए पानी में उतरने की हिम्मत नहीं कर सके।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी रमेश सिंह ने पास में चल रहे पुलिया निर्माण कार्य की जेसीबी मशीन मंगवाई। उन्होंने स्वयं जेसीबी के पंजे पर चढ़कर जोखिम उठाते हुए शिक्षक तक पहुंच बनाई और उनका हाथ पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद बंकट कुमार को भालता अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया गया। इस दौरान उनके पैर में चोट आई थी। उपचार के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बंकट कुमार घाटोली के सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं।
घटना में उनकी मोटरसाइकिल तेज बहाव में बह गई, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहें तथा जर्जर भवनों के आसपास न जाएं।




