कक्षा-5 छात्र की मौत मामले में 6 शिक्षक निलंबित, 2 पर विभागीय कार्रवाई

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ

कौशांबी/उत्तर प्रदेश। चरवा थाना क्षेत्र के सुधवर पहाड़पुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा-5 के दो छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद एक छात्र की मौत के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के बाद विभाग ने 6 शिक्षकों को निलंबित कर दिया है, जबकि 2 अन्य शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में कक्षा-5 के दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान हुई मारपीट में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने विद्यालय प्रशासन की लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने विद्यालय के 6 शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं 2 अन्य शिक्षकों के विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए विभाग ने 7 शिक्षकों की अस्थायी तैनाती की है। साथ ही नियमित रूप से शिक्षण कार्य संचालित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और विभाग द्वारा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button