सोफे में छिपा मिला जहरीला कोबरा, रेस्क्यू से टला बड़ा हादसा

बैतूल/मध्य प्रदेश। शहर के बडोरा स्काई सिटी इलाके में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक परिवार के घर में सोफे के अंदर करीब पांच फीट लंबा जहरीला कोबरा छिपा मिला। अचानक सोफे से सरसराहट और फुफकार की आवाजें आने पर परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत वहां से दूर भाग गए।
जानकारी के अनुसार, बडोरा स्काई सिटी निवासी महेश बोखारे के घर में यह घटना हुई। परिवार के सदस्यों ने जब सोफा पलटकर देखा तो उसके भीतर कोबरा सांप बैठा नजर आया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में उसे रिहायशी क्षेत्र से दूर जंगल में छोड़ दिया गया। समय रहते रेस्क्यू हो जाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीती रात हुई तेज बारिश के कारण सांपों के बिलों में पानी भर गया है, जिसके चलते वे सुरक्षित स्थान की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि घर में सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और स्वयं उसे पकड़ने का प्रयास न करें। ऐसे मामलों में तुरंत प्रशिक्षित सर्पमित्र या वन विभाग को सूचना देना ही सुरक्षित विकल्प है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button