पीएम मोदी नशा मुक्त भारत के लिए देशव्यापी अभियान की करेंगे शुरुआत, एक करोड़ युवा लेंगे शपथ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को देश में ड्रग्स के दुरुपयोग के खिलाफ 100 सप्ताह का देशव्यापी अभियान शुरू करेंगे।

नई दिल्ली/एजेंसी। देश में मादक पदार्थों के बढ़ते दुरुपयोग पर अंकुश लगाने और युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को देशव्यापी ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत करेंगे। इस अभियान के तहत देशभर में एक साथ 10 हजार स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें एक करोड़ से अधिक युवा नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ शपथ लेंगे।
यह अभियान 100 सप्ताह तक चलेगा, जिसके अंतर्गत प्रत्येक रविवार को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी। इनमें वॉकथॉन, खेल प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, ध्यान सत्र, जागरूकता कार्यक्रम और अन्य रचनात्मक आयोजन शामिल होंगे। अभियान का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए उन्हें नशे से दूर रखना है।
केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 2 अगस्त को इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल देश के युवाओं को नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगी और इसे एक जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों और संगठनों को 50वें, 75वें और 100वें सप्ताह पर सम्मानित किया जाएगा, जिससे सहभागिता और उत्साह को बढ़ावा मिलेगा। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक देशभर में लगभग 1.34 लाख किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1,980 करोड़ रुपये है। इसके अलावा 42,282 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया, जो वर्ष 2020 के लगभग 10 हजार एकड़ के मुकाबले काफी अधिक है।
सरकार का मानना है कि इस अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर एक स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा।




