मूलभूत सुविधाओं के अभाव में भड़के गोल्फ लिंक-1 निवासी, ग्रेनो प्राधिकरण के बाहर दिया धरना
जवान देश पर बॉर्डर पर तो लड़ लेता है, लेकिन घर के अंदर अपने ही कानून से नहीं लड़ पाता है। कुछ ऐसा ही मामला ग्रेटर नोएडा से सामने आया है। बीएसएफ जवान ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा स्थित सेक्टर ओमेगा-1 के गोल्फ लिंक-1 के निवासियों ने अपनी समस्याओं को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। धरने में शामिल लोगों ने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी और प्रशासन की अनदेखी पर नाराजगी जताई।
धरने में शामिल बीएसएफ के सेवानिवृत्त जवान चंद्रपाल ने कहा कि उन्होंने कश्मीर में आतंकियों से लड़ते हुए देश की सेवा की, लेकिन अब जीवनभर की कमाई से खरीदे गए अपने घर में ही उन्हें मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
निवासियों का आरोप है कि करीब 102 एकड़ में फैली इस सोसाइटी में टूटी सड़कों, जल निकासी की समस्या और जहरीले कीड़ों का प्रकोप आम हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से मेंटेनेंस चार्ज वसूला जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस सुधार कार्य नहीं किया गया। बारिश के दौरान जलभराव और खराब सड़कों के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब एक 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ अभद्रता की घटना सामने आई। निवासियों ने आरोप लगाया कि महिलाओं और बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतों पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्राधिकरण द्वारा संबंधित अधिकारी से माफी मांगने को कहा गया, लेकिन प्रभावित परिवारों को इससे कोई राहत नहीं मिली।
धरने में शामिल एक सेवानिवृत्त पायलट ने भी प्राधिकरण और संबंधित अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश की सेवा करने वाले लोगों को ही अपमान और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।
निवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद सड़कों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था और कीट नियंत्रण जैसे बुनियादी कार्य नहीं किए गए। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप, खराब इंफ्रास्ट्रक्चर के सुधार और दोषियों के खिलाफ जांच व कार्रवाई की मांग की है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।




