अमेरिका में दर्दनाक वारदात: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की पति ने गोली मारकर हत्या की, फिर खुदकुशी
अमेरिका में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सारा गिलसन की उसके अलग रह रहे पति जेरेमिया डफी ने हत्या कर दी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली।

वॉशिंगटन/एजेंसी। अमेरिका के ओक्लाहोमा राज्य से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सारा गिलसन की कथित तौर पर उनके अलग रह रहे पति ने गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में स्वयं भी आत्महत्या कर ली। यह घटना तुलसा के पास कॉलिन्सविले स्थित उनके घर में गुरुवार रात हुई।
पुलिस के अनुसार, 43 वर्षीय सारा गिलसन (जिन्हें सारा डफी के नाम से भी जाना जाता था) और उनके 48 वर्षीय पति जेरेमिया शॉन डफी मृत अवस्था में पाए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डफी ने पहले गिलसन को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है।
घटना से पहले गिलसन और डफी के बीच विवाद चल रहा था और दोनों अलग रह रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग दो सप्ताह पहले गिलसन ने अदालत में अपने पति के खिलाफ सुरक्षा आदेश की मांग की थी। उन्होंने अपने आवेदन में डफी पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिनमें बच्चों के प्रति अनुचित आकर्षण और धमकी देने जैसी बातें शामिल थीं।
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, एक अन्य महिला ने भी डफी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उसने उसकी किशोर बेटी के साथ अनुचित व्यवहार किया। इस मामले में पुलिस को भी सूचना दी गई थी और जांच जारी थी।
बताया जाता है कि घटना वाली रात करीब 11:15 बजे 911 पर कॉल आया, जिसमें एक महिला की चीख सुनाई दी और फिर गोली चलने की आवाज आई। इसके तुरंत बाद एक बच्चे ने पड़ोसी के घर से कॉल कर बताया कि उसके सौतेले पिता ने उसकी मां को गोली मार दी है।
पुलिस के मौके पर पहुंचने पर दोनों शव घर के अंदर मिले, जिनके सिर पर गोली लगने के निशान थे। अधिकारियों का मानना है कि यह हत्या के बाद आत्महत्या का मामला है। घटना के बाद गिलसन के बेटे को सुरक्षा के लिए हिरासत में लिया गया और बाद में उसे सुरक्षित रूप से दूसरे अभिभावक को सौंप दिया गया, जिनका इस घटना से कोई संबंध नहीं है। परिवार में उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। इस दुखद घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, वहीं पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है।




