कौशाम्बी में ग्राम चौपाल: डीएम ने सुनीं समस्याएं, पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने शुक्रवार को “गांव की समस्या, गांव में समाधान” अभियान के अंतर्गत विकास खंड मूरतगंज के ग्राम अरई सुमेरपुर में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों को शीघ्र लाभान्वित किया जाए।
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से पुष्टाहार, वृद्धावस्था पेंशन, शौचालय, राशन, कन्या सुमंगला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो पात्र लोग अब तक योजनाओं से वंचित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिया जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी लेने पर ग्रामीणों ने सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को गांव स्थित विद्यालय का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार वितरित किया तथा छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने बताया कि आवास प्लस सर्वे के अंतर्गत गांव में 58 परिवारों को चिन्हित किया गया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी के अनुसार गांव के 141 लोगों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिल रहा है तथा परिवार रजिस्टर के सत्यापन के बाद 47 नए पात्र लाभार्थियों की पहचान की गई है, जिन्हें शीघ्र पेंशन योजना से जोड़ा जाएगा।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि गांव की 35 महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन का लाभ मिल रहा है, जबकि जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी के अनुसार 13 दिव्यांगजन पेंशन योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।
ग्राम चौपाल में जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र व्यक्तियों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।




