नंद नगरी ट्रैफिक सर्किल में पुलिस का सख्त अभियान, गलत पार्किंग पर सैकड़ों चालान, 20 वाहन जब्त

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी ट्रैफिक सर्किल में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 21 जुलाई 2026 को डीसीपी ट्रैफिक ईस्टर्न रेंज के. रमेश के निर्देशन एवं ट्रैफिक इंस्पेक्टर विकास पंवार के नेतृत्व में लोनी गोलचक्कर स्थित टी.आर. साहनी, टाटा मोटर्स और जुडियो शोरूम के आसपास अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए लगभग 150 से 170 वाहनों के ई-चालान किए गए। इसके अलावा सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े 20 वाहनों को टो करके हटाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग पर लगाम लगाने और यातायात को सुचारू बनाने में मदद मिली।
ट्रैफिक पुलिस ने अभियान के दौरान सड़क किनारे खड़े अवैध वाहनों और अतिक्रमण को हटाया, जिससे मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति में सुधार हुआ। साथ ही वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया गया। पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाया कि गलत पार्किंग न केवल ट्रैफिक जाम का कारण बनती है, बल्कि इससे दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर विकास पंवार ने बताया कि नंद नगरी ट्रैफिक सर्किल में समय-समय पर इस तरह के जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस की प्राथमिकता सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है। इसके लिए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी समझें और अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। साथ ही सभी वाहन चालक ट्रैफिक नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि क्षेत्र में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था कायम रह सके।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button