गजप्रस्थ ठाकुरद्वारा मंदिर में गौ रक्षा को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक, देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान की तैयारी तेज

गाजियाबाद। दिनांक 5 जुलाई 2026, रविवार की सांयकाल गजप्रस्थ स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर में गौ रक्षा के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में वृंदावन से पधारे संत श्री गोपेश दास जी महाराज, गुरुजी श्री नवनीतप्रिय दास जी महाराज एवं पूज्य श्री सुरसेन जी वृजवासी सहित अनेक संतों और गौसेवकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान संतों ने “गौ सम्मान आव्हान अभियान” के अंतर्गत गौ रक्षा हेतु जनमानस से व्यापक समर्थन जुटाने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत देशभर में लोगों से हस्ताक्षर कराए जाएंगे, जिससे गौ संरक्षण के प्रति जनजागरूकता को और सशक्त किया जा सके।
संतों ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 27 जुलाई को देश की 5000 से अधिक तहसीलों में बड़ी संख्या में आम नागरिकों के हस्ताक्षर एकत्रित किए जाएंगे। इन हस्ताक्षरों को जिलाधिकारियों के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री को ज्ञापन के रूप में भेजा जाएगा। इस अभियान के तहत देशभर से लगभग 50 करोड़ से अधिक हस्ताक्षर एकत्र करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर परम श्रद्धेय श्री नवनीतप्रिय दास जी महाराज ने गौ महिमा का वर्णन करते हुए श्रीराम नाम संकीर्तन कराया और उपस्थित जनसमूह को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। बैठक में मुख्य रूप से पंडित अशोक भारतीय, प्रवीण बत्रा, नमामि गंगे गंगा विचार मंच (जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार) के प्रदेश मीडिया संयोजक संदीप त्यागी रसम, सीए अनुज गोयल, मनीष गोयल, अंकित, अनुराग, कपिल चौधरी, आशीष सिंघल, सोनू चौधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




