उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दो शातिर ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार, तीन चोरी की दोपहिया वाहन बरामद

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर ऑटो लिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन चोरी की दोपहिया वाहन भी बरामद किए हैं, जिससे कई वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को विशेष सूचना के आधार पर एएटीएस की टीम ने इंस्पेक्टर दीपक पांडे के नेतृत्व में मौजपुर स्थित शास्त्री मार्ग गली के पास जाल बिछाया। इस दौरान एक संदिग्ध स्कूटी पर सवार दो युवकों को पकड़ा गया, जो जांच में सीमापुरी थाना क्षेत्र से चोरी की निकली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमान उर्फ कोमा (18) निवासी पुराना मुस्तफाबाद और जीशान उर्फ जिशु (18) निवासी नूर-ए-इलाही के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कई वाहन चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता कबूल की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने भजनपुरा और दयालपुर थाना क्षेत्रों से चोरी की गई दो अन्य दोपहिया वाहन भी बरामद किए। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई के बाद कुल तीन चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ जाफराबाद थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे अन्य किन-किन वारदातों में शामिल रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button