कानपुर में किशोरी को बंधक बनाकर धर्मांतरण का दबाव, आरोपी गिरफ्तार

कानपुर के बेकनगंज से किशोरी के जबरन धर्मांतरण के प्रयास का मामला सामने आया है। केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

कानपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर में एक किशोरी को कथित रूप से बंधक बनाकर धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रावतपुर क्षेत्र की 17 वर्षीय किशोरी को बेकनगंज इलाके में छह दिनों तक बंधक बनाकर रखने और उसके साथ मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं।
पीड़िता के अनुसार, उसकी मुलाकात कुछ दिन पहले मोतीझील में बेकनगंज निवासी अरमान नामक युवक से हुई थी। आरोपी ने दोस्ती का भरोसा दिलाकर उससे बातचीत शुरू की और बाद में मिलने के लिए बुलाया। किशोरी जब नमक फैक्ट्री चौराहे पर पहुंची तो आरोपी अपने दो साथियों के साथ कार में मौजूद था। इसके बाद उसे घुमाने के बहाने कार में बैठाकर बेकनगंज स्थित अपने घर ले गया।
आरोप है कि वहां उसे बंधक बनाकर रखा गया और धर्मांतरण के लिए दबाव बनाया गया। किशोरी ने आरोप लगाया कि उसे जबरन कलमा पढ़वाया गया, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और गर्म चिमटे से दागा गया। साथ ही उसे प्रतिबंधित मांस खिलाने की कोशिश भी की गई और सऊदी अरब में बेचने की धमकी दी गई।
किशोरी का कहना है कि उसे कई दिनों तक भूखा रखा गया और घर में बुर्का पहनने के लिए मजबूर किया गया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर वह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
इसके बाद पीड़िता के परिजनों ने रावतपुर थाने में आरोपी अरमान और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button