शिक्षक पर रक्षा सूत्र और कलावा कटवाने का आरोप, बस्ती में शिक्षक पर मुकदमा दर्ज
बस्ती के जोगापुर प्राथमिक विद्यालय पर तैनात एक शिक्षक पर विश्व हिंदू परिषद ने गंभीर आरोप लगाया और कहा कि एक अध्यापक बच्चों के मन में देवी देवताओं के प्रति घृणा फैला रहे हैं।

बस्ती/उत्तर प्रदेश। जिले के हरैया थाना क्षेत्र के जोगापुर गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात एक सहायक अध्यापक को लेकर विवाद गहरा गया है। शिक्षक ज्ञानदास सनातन पर धार्मिक भावनाएं आहत करने, बच्चों के बीच नकारात्मक सोच फैलाने और कथित रूप से धर्मांतरण के लिए प्रेरित करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों द्वारा पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि संबंधित शिक्षक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के मन में देवी-देवताओं और सनातन परंपराओं के प्रति घृणा पैदा कर रहे हैं। साथ ही यह भी आरोप है कि बच्चों के हाथों में बंधे रक्षा सूत्र और कलावा कटवाए गए तथा विद्यालय परिसर में मौजूद धार्मिक महत्व के वृक्षों को भी कटवाया गया।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इन गतिविधियों से स्थानीय लोगों और अभिभावकों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। उन्होंने संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक हनुमान प्रसाद वर्मा ने भी आरोप लगाया कि शिक्षक को कई बार इस प्रकार की गतिविधियों से रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह अनुसूचित जाति-जनजाति (एससी-एसटी) एक्ट के तहत मुकदमे में फंसाने की धमकी देता था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने हरैया थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (सीओ) स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सीओ ने बताया कि शिक्षक पर बच्चों का कलावा कटवाने और विद्यालय परिसर में मौजूद पवित्र वृक्षों को कटवाने के आरोप हैं। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पुलिस प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटा हुआ है।




