गुरुग्राम में ‘आलोका’ स्ट्रीट डॉग बना आकर्षण का केंद्र, शांति संदेश के साथ जुटी भीड़

आलोका नामक स्ट्रीट डॉग, जो शांति और करुणा का संदेशवाहक है, गुरुग्राम पहुंचा और लोगों का दिल जीत लिया। कोलकाता से शुरू हुई उसकी यात्रा में अमेरिका, श्रीलंका और थाईलैंड सहित कई देशों में हजारों किलोमीटर की दूरी तय की है।

गुरुग्राम। शहर में मंगलवार को एक अनोखे मेहमान ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। ‘आलोका’ नाम का एक स्ट्रीट डॉग द वेस्टिन होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आकर्षण का केंद्र बना रहा, जहां उसे देखने और उसके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
कोलकाता की गलियों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने वाला यह डॉग आज शांति और करुणा का संदेशवाहक बन चुका है। सोशल मीडिया पर भी उसकी लोकप्रियता काफी है और इंस्टाग्राम पर उसके लाखों फॉलोअर्स हैं।
कार्यक्रम में पशु प्रेमियों ने आलोका के पंजों के निशान को ऑटोग्राफ के रूप में संजोया। शांति यात्रा में शामिल बौद्ध भिक्षु पन्नाकारा ने बताया कि कोलकाता में एक यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात आलोका से हुई थी, जिसके बाद वह उनके साथ जुड़ गया और लगातार शांति यात्राओं में भाग ले रहा है।
आलोका अब तक अमेरिका, श्रीलंका और थाईलैंड समेत कई देशों में हजारों किलोमीटर की यात्रा कर चुका है। अमेरिका में आयोजित ‘वॉक फॉर पीस’ अभियान के दौरान उसने करीब 3700 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी की।
हाल ही में भारत लौटने के बाद वह बौद्ध भिक्षुओं के साथ दिल्ली में पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी से भी मिला। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य बेसहारा पशुओं के प्रति लोगों में संवेदनशीलता और दया भाव को बढ़ावा देना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button