नोएडा सेक्टर-105 में 60 पेड़ों की कटाई का आरोप, प्राधिकरण ने जारी किया नोटिस

नोएडा के सेक्टर-105 में एक मकान मालिक पर पार्क बनाने के लिए लगभग 60 पुराने पेड़ काटने का आरोप लगा है।

नोएडा। बढ़ती गर्मी, प्रदूषण और घटती हरियाली के बीच सेक्टर-105 में लगभग 60 पेड़ों की कटाई के आरोप ने विवाद खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान के बगल में ग्रीन बेल्ट में पार्क बनाने के लिए आम, जामुन और बरगद जैसे वर्षों पुराने पेड़ काट दिए गए। निवासियों ने आरोप लगाया कि पेड़ों की कटाई के लिए संबंधित विभागों से अनुमति नहीं ली गई। उन्होंने मांग की है कि यदि अनुमति दी गई है तो उसे सार्वजनिक किया जाए। नोएडा प्राधिकरण ने इस मामले में नोटिस जारी कर जवाब मांगा है और कहा है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद थाने में मामला दर्ज कराया जाएगा।
सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बताया कि बी ब्लॉक में दिल्ली के एक परिवार ने ग्रीन बेल्ट की जमीन पर पार्क बनाने के लिए पेड़ काट दिए हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि इन पेड़ों की छांव में लोग टहलते थे और पक्षियों का बसेरा भी इन्हीं पर था। अचानक इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों के गायब होने से लोगों में नाराजगी है।
निवासियों का आरोप है कि पेड़ों को काटने के साथ ही जेसीबी मशीन से क्षेत्र को सपाट कर दिया गया। उनका कहना है कि विकास कार्यों के नाम पर हरित क्षेत्र लगातार कम हो रहे हैं। डीएफओ रजनीकांत मित्तल ने बताया कि शिकायत मिलने पर रेंज ऑफिसर के नेतृत्व में टीम भेजी गई है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
नोएडा प्राधिकरण के निदेशक (उद्यान) आनंदमोहन सिंह ने कहा कि प्लॉट मालिक को नोटिस दिया गया है और उनसे जवाब मांगा गया है। जांच रिपोर्ट के बाद मामला दर्ज कराया जाएगा। वहीं, प्लॉट मालिक गौरी धींगड़ा ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उन्होंने केवल झाड़ियां और गंदगी हटाई है, पेड़ नहीं काटे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरगद, आम और जामुन जैसे पेड़ दशकों में तैयार होते हैं और उनकी कटाई न केवल हरियाली का नुकसान है बल्कि शहर की प्राकृतिक विरासत पर भी चोट है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button