फतेहपुर में सपा कार्यकर्ता सम्मान समारोह, सैकड़ों कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। जिले के रक्षपालपुर स्थित वी पैलेस में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के आयोजक खागा विधानसभा से टिकट की दावेदारी कर रहे इंजीनियर सिद्धार्थ कोरी रहे। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला सांसद नरेश उत्तम पटेल मौजूद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अफसर अली ने की।
समारोह के दौरान पार्टी के 437 बूथ कार्यकर्ताओं, 37 सेक्टर प्रभारियों और 8 जोन प्रभारियों को गमछा और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया।
मुख्य अतिथि नरेश उत्तम पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को मजबूती के साथ जनता के बीच सक्रिय रहना होगा। उन्होंने पोलिंग बूथ स्तर पर मतदाता सूची का गहन अवलोकन करने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर कब्जा करने का प्रयास कर रही है और कार्यकर्ताओं की जागरूकता ही संविधान की रक्षा कर सकती है।
उन्होंने किसानों से फार्मर आईडी बनवाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे उन्हें खाद, पानी, बीज और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ मिलता रहेगा। साथ ही उन्होंने डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
कार्यक्रम के आयोजक इंजीनियर सिद्धार्थ कोरी ने कहा कि बूथ, सेक्टर और जोन स्तर के कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत और रीढ़ होते हैं तथा संगठन को मजबूत करने के लिए उनका सम्मान जरूरी है। इस अवसर पर नरेश कोरी, रामतीर्थ परमहंस (पूर्व डीआईजी), रत्नेश रत्ना, संगीता राज पासवान, महफूज खां और अंसार कुरैशी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button