अशोक नगर रेलवे फाटक पर बनेगा फ्लाईओवर, विधायक जितेन्द्र महाजन ने अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। रोहतास नगर विधानसभा क्षेत्र में अशोक नगर रेलवे फाटक पर प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में क्षेत्रीय विधायक जितेन्द्र महाजन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और परियोजना की रूपरेखा तथा तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। यह फ्लाईओवर क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही यातायात समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित फ्लाईओवर लगभग 4 मीटर चौड़ा होगा और इसका निर्माण मुख्य रूप से हल्के वाहनों के आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से किया जाएगा। इससे रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है, जहां रोजाना हजारों वाहन फंसते हैं और लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है।
मौके पर एसडीएम शाहदरा रीटा कौशिक, तहसीलदार अमित यादव सहित रेलवे, नगर निगम और फ्लड विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए इसे जल्द से जल्द धरातल पर उतारने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। इस दौरान मंडोली रोड मार्केट के पदाधिकारी सतेंद्र शर्मा भी अपने साथियों के साथ उपस्थित रहे और स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर बनने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि बाजार क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। विधायक जितेन्द्र महाजन ने कहा कि अशोक नगर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो और सभी आवश्यक औपचारिकताओं को जल्द पूरा कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए।
निरीक्षण के दौरान विकास भारद्वाज, राजकुमार शर्मा, रजनीश राणा, पवन पांचाल, बॉबी पांचाल सहित अनेक स्थानीय लोग और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने फ्लाईओवर निर्माण की पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे उन्हें रोजाना होने वाली परेशानी से जल्द राहत मिलेगी। यह परियोजना पूरी होने के बाद अशोक नगर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा और आम जनता को आवागमन में काफी सहूलियत प्राप्त होगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button