आगरा में खंबे से उतरे करंट की चपेट में आने से पीएसी जवान की मौत, 20 दिन पहले हुई थी शादी

आगरा,(उत्तर प्रदेश)। आगरा के फतेहाबाद में करंट की चपेट में आने से एक पीएसी के जवान की दर्दनाक मौत हो गई। जवान की 20 दिन पहले शादी हुई थी। जवान की हादसे में मौत से पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार जवान के घर के बाहर लगे खंबे के स्टेवायर में करंट उतर आया था, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह 11:30 बजे की है। फतेहाबाद, निबोहरा थाना क्षेत्र के रहने वाले रमाकांत सिंह (28 वर्ष) पुत्र विशंभर सिंह पीएसी का जवान था। रमाकांत की पोस्टिंग एटा में बटालियन बी में थी। रमाकांत बाहर से घर में दाखिल हो रहे थे, तभी खंबे के स्टेवायर से उनका हाथ टच हो गया। उसमें करंट आ रहा था। करंट की चपेट में आने से रमाकांत की मौत हो गई।
22 जून को हुई थी शादी
रमाकांत सिंह की फिरोजाबाद के बसई, मोहम्मदपुर की रहने वाली कुमकुम से 22 जून को शादी हुई थी। वह छुट्टी पर घर आया हुआ था। मंगलवार को वह किसी काम से बाहर गया था। लौटते वक्त वह अपने घर में दाखिल हो रहा था। तभी खंबे से उसका हाथ छू गया। हादसे को देख आसपास के लोगों ने दौड़ लगाई स्टेवायर को अलग किया। इसके बाद जवान को अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया है। घटना की जानकारी आसपास के लोगों को मिली तो सभी गमगीन परिवार के घर पहुंचने लगे। हर कोई जवान की मौत पर विलाप कर रहा था। वहीं नवविवाहिता कुमकुम की रो-रोकर हालत खराब है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button