हाथ में चापड़ और गंडासी लेकर आतंक मचाने वाला आरोपी अजय बग्गा गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज देख लोगों में दहशत
हाथ में चापड़ और गंडासी लेकर घरों में घुसने का प्रयास कर दहशत फैलाने वाले आरोपी अजय बग्गा को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बाहरी दिल्ली। हाथ में बड़ा चाकू (चापड़) व गंडासी लेकर घरों में घुसने का प्रयास कर लोगों में दहशत फैलाने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घरों में घुसने के कई सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पखवाड़ेभर से क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गई थी।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि जिला के स्पेशल स्टाफ ने घर में घुसकर वारदात करने के दो सनसनीखेज मामलों में वांछित आरोपी अजय बग्गा को गिरफ्तार कर लिया है। यह गुरुद्वारा नानक प्याऊ के पास, मॉडल टाउन का रहने वाला है।
उन्होंने बताया कि पहले मामले में साहिल कुकरेजा ने थाना मौर्य एन्क्लेव में शिकायत दी और बताया कि 21 अप्रैल को आरोपी अजय बग्गा उसके पिता से मिलने के बहाने उसके घर आया और पानी मांगकर घर के अंदर प्रवेश कर गया। अंदर आते ही आरोपी ने कथित रूप से एक बड़े चाकू से हमला कर शिकायतकर्ता के बाएं हाथ पर चोट पहुंचाई और पैसों की मांग की। उसे बंधक बनाकर रखा और बाद में मौके से फरार हो गया।
वहीं, बाद में शिकायतकर्ता ने घर से लगभग चार लाख रुपये नकद एवं सोने के आभूषण लूटने का भी आरोप लगाया। दूसरी घटना में थाना केशव पुरम में नीलम जैन ने दर्ज कराई थी, जिसमें बीती आठ मई को एक अज्ञात व्यक्ति आरओ मैकेनिक बनकर उनके घर में घुस आया और लोहे के गंडासे से उन्हें धमकाने लगा था।




