शाहदरा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का बड़ा एक्शन, 110.52 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहदरा जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक सक्रिय ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 110.52 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद की गई है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। आरोपी को सीमापुरी इलाके में नशीला पदार्थ सप्लाई करते समय दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार 7 मई 2026 को एएनटीएफ शाहदरा को गुप्त सूचना मिली थी कि सुमित उर्फ भतीजा नामक युवक दिल्ली-एनसीआर में अवैध हेरोइन की सप्लाई करता है। सूचना की पुष्टि के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एसआई धीर सिंह, एएसआई शोकिंदर, हेड कांस्टेबल राजेश, वेदपाल, पंकज, विकास मलिक, दीपक और कांस्टेबल अर्जुन शामिल थे। पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर विनोद कुमार के नेतृत्व में, एसीपी ऑप्स मोहित सिंह के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण तथा डीसीपी शाहदरा की निगरानी में अंजाम दी गई।
टीम ने सीमापुरी क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से पारदर्शी पॉलिथीन में रखी 110.52 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद थाना सीमापुरी में एफआईआर संख्या 317/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय सुमित उर्फ भतीजा निवासी ताहिरपुर, सीमापुरी, शाहदरा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह साहिबाबाद निवासी राजा और जावेद उर्फ टोनी नामक साथियों से हेरोइन लेकर दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था। उसने यह भी बताया कि आर्थिक तंगी और जल्दी पैसा कमाने के लालच में वह इस अवैध धंधे में शामिल हुआ।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी करीब पांच आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें एनडीपीएस एक्ट का एक मामला भी शामिल है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। शाहदरा जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार तेज किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button