ताला-चाबी के बहाने घरों में चोरी करने वाला गैंग का सदस्य गिरफ्तार, चोरी की बाइक व चाकू बरामद

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली के शाहदरा जिले में एमएस पार्क थाना पुलिस की क्रैक टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ताला-चाबी के बहाने घरों में चोरी करने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 6/7 मई 2026 की दरमियानी रात क्षेत्र में गश्त के दौरान टीम को इंदौर आधारित कुख्यात सिकलीगर गैंग के एक सदस्य के बारे में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सुरजीत नामक आरोपी को धर दबोचा, जो मध्य प्रदेश के इंदौर जिले का निवासी है।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक चोरी की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल और एक बटनदार चाकू बरामद किया गया। बरामद मोटरसाइकिल दिल्ली के नंद नगरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में पहले से ई-एफआईआर दर्ज थी। पुलिस ने इस मामले में एमएस पार्क थाने में आर्म्स एक्ट और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को विधिक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह ताला-चाबी बनाने के बहाने लोगों के घरों में प्रवेश करता था और मौका मिलते ही अलमारी से जेवरात व कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले से ही कई चोरी के मामलों में वांछित था और पश्चिमी जिला दिल्ली के पंजाबी बाग थाना क्षेत्र के एक मामले में अदालत द्वारा घोषित अपराधी भी रह चुका है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी सुरजीत पर दस से अधिक चोरी के मामले दर्ज हैं और उसकी गिरफ्तारी से कई लंबित मामलों के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों की भी जांच शुरू कर दी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button