पुलिसकर्मियों को पता न बताना पड़ गया भारी, थार सवार युवकों ने कुचला

नोएडा। कोतवाली सेक्टर-49 क्षेत्र में सड़क किनारे सादा कपड़ों में खड़े दो पुलिसकर्मियों को पता न बताना भारी पड़ गया। थार सवार युवकों ने पहले गाली-गलौज की और विरोध किया तो थार से दोनों पुलिसकर्मियों को कुचल दिया।
इस हादसे में दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए और एक उपनिरीक्षक की टांग टूट गई। घटना 8 जून की रात करीब 12.30 बजे की है। उपनिरीक्षक की शिकायत पर पुलिस ने सात दिन बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से जिला मुजफ्फरनगर के गांव जागाहेड़ी के उपनिरीक्षक अजय मलिक ने दर्ज कराई एफआईआर में बताया कि वह वर्तमान में गौतमबुद्ध नगर पुलिस लाइन में तैनात हैं। 8 जून की रात करीब 12.30 बजे वह मोरना चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल विकास मलिक से मिलने नोएडा आए थे। दोनों सेक्टर-50 की तरफ जाने वाले मोड़ पर कार खड़ी करके सड़क किनारे खड़े थे। तभी काले रंग की थार यूपी16ईएफ8882 में चार युवक आए। बताया जा रहा है कि आरोपित शराब के नशे में थे। चारों युवक उनसे रास्ता पूछने लगे। जानकारी न होने के चलते कहा कि किसी और से पता कर लें। यह बार युवकों को नागवार गुजरी।
उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध किया तो आरोपित थार लेकर कुछ दूर आगे निकल गए। चंद सेकेंड बाद ही थार को तेज गति से बैक करके लाए और दोनों पुलिसकर्मियों के ऊपर चढ़ा दी। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपित थार को लेकर भाग गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को प्रयाग अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने विकास मलिक को दो दिन बाद छुट्टी दे दी, जबकि अजय मलिक की टांग की हड्डी टूट गई। चिकित्सकों को ऑपरेशन करके टांग में राड डालनी पड़ी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उपनिरीक्षक ने नंबर के आधार पर थार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
डीसीपी विद्या सागर मिश्र का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




