गाजियाबाद में कूड़े के ढेर से बंद फुटपाथ, लोहिया पार्क के पास गंदगी से परेशान लोग

गाजियाबाद के आराधना रोड स्थित राममनोहर लोहिया पार्क के पास फुटपाथ पर कूड़ा डालकर उसे बंद कर दिया गया है, जिससे लोगों को चलने में परेशानी हो रही है।
गाजियाबाद। गाजियाबाद के आराधना रोड राममनोहर लोहिया पार्क के गेट नंबर-3 के पास फुटपाथ पर कूड़े के ढेर लगाकर इसे बंद कर दिया गया है। लोगों का आरोप है कि यहां शालीमार गार्डन और राजेंद्रनगर से निकला हुआ कूड़ा डंप किया जा रहा है। इससे गंदगी तो रहती ही है साथ ही लोगों को चलने के लिए फुटपाथ नहीं मिलता है। सांझा प्रयास सामाजिक संगठन के राष्ट्रीय संयोजक जुगल किशोर ने बताया कि कई साल से यहां कूड़ा डाला जा रहा है। इसके लिए वह लगातार आवाज उठा रहे हैं लेकिन सुनवाई नहीं होती।
इतना ही नहीं निगम के अधिकारियों को लिखित में देकर समस्या से अवगत कराया गया। यह सड़क ईएसआइ हास्पिटल से आराधना और राजबाग मेट्रो स्टेशन आने जाने वाला मुख्य मार्ग है।
साल 2022 में इएसआइ हास्पिटल से आराधना रोड तक सड़क किनारे जाली लगा, पेंट कराने के बाद सुंदरीकरण कराया गया था लेकिन इसे व्यवस्थित नहीं रखा जा सका है। इसके अलावा राजेंद्रनगर बिजलीघर के पास पब्लिक टायलेट में भी गंदगी की शिकायत उन्होंने की है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश ने बताया कि शिकायत मिलने पर सुपरवाइजर को भेजकर समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।




