पुणे में 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म-हत्या मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन, पिता ने की फांसी की मांग

महाराष्ट्र के पुणे जिले में चार साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (एसआइटी) का गठन किया गया है।

पुणे/महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के पुणे जिले में चार साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (एसआइटी) का गठन किया गया है। इस जघन्य अपराध को लेकर लोगों में आक्रोश है। दो महिलाओं सहित छह पुलिस अधिकारियों की एक एसआइटी गठित की गई है। पुणे जिले की भोर तहसील के एक गांव में चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के आरोप में 65 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने शुक्रवार को लड़की को खाने का लालच दिया और उसे एक पशु बाड़े में ले गया। वहां उसने बच्ची का यौन उत्पीड़न किया और बाद में पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
अदालत ने आरोपित को सात मई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। अपने घर पर नेताओं के जमावड़े को देखते हुए बच्ची के पिता ने अपील की है कि जब तक आरोपित को फांसी नहीं दे दी जाती, तब तक कोई भी नेता उनसे मिलने न आए। पिता ने एक वीडियो संदेश में कहा कि जब मैं अपनी बेटी की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचा तो मुझे परिवार के सदस्यों के फोन आए कि कई नेता हमारे घर शोक संवेदना व्यक्त करने आ रहे हैं। मैं सभी नेताओं से अपील करता हूं कि जब तक मेरी बेटी को न्याय नहीं मिल जाता, जब तक उस आरोपित को फांसी नहीं हो जाती, कृपया मेरे घर न आएं।
इससे पहले दिन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आश्वासन दिया कि सरकार इस मामले के आरोपित के लिए मौत की सजा की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य मामले में न्याय सुनिश्चित करने के लिए रिकॉर्ड समय में मुकदमे की कार्यवाही में तेजी लाएगा।
इस घटना से आक्रोशित सैकड़ों लोगों ने शनिवार को पुणे में मुंबई-बेंगलुरु राजमार्ग को लगभग चार घंटे तक अवरुद्ध रखा था। बच्ची के परिवार के सदस्यों और अन्य प्रदर्शनकारियों ने शनिवार शाम को नवाले ब्रिज क्षेत्र में शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और 65 वर्षीय आरोपित को कड़ी सजा देने की मांग की। राकांपा विधायक रोहित पवार, शिवसेना नेता नीलम गोरहे और भाजपा की राज्यसभा सदस्य मेधा कुलकर्णी सहित विभिन्न दलों के कई नेताओं ने पीडि़ता के घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button