गाजियाबाद में ‘गुर्जर’ लिखी थार ने स्‍कूटी पर जा रहीं युवतियों को मारी टक्‍कर

युवतियों ने विरोध जताया तो गाली गलौज पर उतर आए दबंग

ट्रांस हिंडन/गाजियाबाद। जीटी रोड पर थार सवार दबंगों ने स्कूटी से जा रहीं युवतियों को पीछे से टक्कर मार दी। आरोप है कि विरोध करने पर थार चालक ने युवतियों से अभद्रता की। इस घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर साहिबाबाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही दबंग फरार हो गए। यह घटना बीते शनिवार देर शाम की बताई जा रही है। ग्रे कलर की थार पर नंबर प्‍लेट नहीं थी और पीछे शीशे पर गुर्जर लिखा हुआ था।साहिबाबाद थानाक्षेत्र में आईटीएस कॉलेज मोहन नगर के सामने थार ने स्‍कूटी में टक्‍कर मारी। युवतियों का कहना है कि ट्रक सामने आने पर उन्‍होंने ब्रेक मारा तो पीछे से आ रही थार गाड़ी ने उनको टक्‍कर मार दी और आगे निकल गए। युवतियों ने जब इस घटना का विरोध जताया तो थार में सवार लोग वापस लौटे और गाली गलौज करने लगे। यह देखकर आसपास गुजर रहे लोग वहां रुकने लगे। इस बीच किसी ने 112 नंबर पर फोन कर दिया।
वायरल वीडियो में युवतियां एक नंबर प्‍लेट दिखा रही हैं। पुलिस ने जब इसकी जांच की तो एक अमेज कार की निकली। यह नंबर प्‍लेट वहां मौके पर कैसे आई, इसकी जांच की जा रही है। एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय ने बताया कि इस घटना के दो वीडियो सामने आए हैं। इनमें थार कार के अलावा स्कूटी के साथ दो युवतियां नजर आ रही हैं। युवतियां कार चालक पर स्कूटी में टक्कर मारने के बाद अभद्रता का आरोप लगा रही हैं। वायरल वीडियो अर्थला के पास का बताया जा रहा है। हालांकि इस मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। फिलहाल मामले में और डिटेल जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button