गोरखपुर में जूलरी शाप से चोरी के बाद बदमाशों से भिड़ गई युवती, सीसीटीवी में घटना रिकॉर्ड

गोरखपुर में जूलरी शॉप में चोरी का मामला सामने आया। चोरों की करतूत को देखते ही दुकान में मौजूद अमृता ने एक बदमाश को पकड़ लिया। उसको पटकती हुई दिखी।
गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। के गोरखपुर के एक जूलरी शॉप से चोरी का मामला सामने आया है। इस मामले में सबसे बड़ी बात यह है कि बदमाशों से एक युवती उलझ गई। उसने चोरी करने वाले को पकड़ भी लिया था। लेकिन, बदमाश ने उसे धक्का दे दिया। इससे वह लड़खड़ा गई। इसके बाद बदमाश वहां से भाग निकला। मामला गोला कस्बा स्थित एक ज्वेलरी शॉप में सोमवार दोपहर का है। जूलरी शॉप से दो युवक जेवर लेकर भागने लगे। दुकान पर बैठी युवती को जब इसका अहसास हुआ तो उसने दौड़ाकर गली में एक युवक को पकड़ लिया। वह उससे भिड़ गई। हालांकि, आरोपी उसे धक्का देकर फरार हो गया।
युवती की बहादुरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दुकान से निकले बदमाश से युवती भिड़ती दिख रही है। हालांकि, एनबीटी ऑनलाइन वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। घटना सामने आने के बाद जूलर्स और व्यापारियों का आक्रोश बढ़ गया है। वहीं, पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
वार्ड संख्या 17 निवासी राकेश वर्मा की बेटी अमृता वर्मा ने पुलिस को इस घटना के संबंध में तहरीर दी है। तहरीर में उसने बताया कि सोमवार दोपहर वह अपनी दुकान पर बैठी थी। इसी दौरान दो युवक आए और चांदी की अंगूठी दिखाने को कहा। जैसे ही वह अंगूठी दिखाने के लिए उठी, युवकों ने पास में रखी सोने की झाली की पुड़िया उठा ली। पुड़िया में चार से पांच जोड़ी झाली थीं। इसके बाद वे दुकान से भागने लगे।
अमृता ने युवकों को भागते देखा तो उनके पीछे दौड़ी। गली तक पहुंचकर उन्हें पकड़ने की कोशिश की। कुछ देर के लिए उसने एक आरोपी को पकड़ भी लिया, लेकिन दोनों ने उन्हें धक्का देकर खुद को छुड़ा लिया और फरार हो गए। बदमाशों के धक्का दिए जाने से युवती गिरकर घायल हो गई और उसके हाथ में चोट आई है। मामले में एसपी साउथ दिनेश पुरी ने कहा कि दो संदिग्ध व्यक्ति फुटेज में कैद हैं। केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने जल्द की मामले का खुलासा होने और आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही है। वहीं, घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें अमृता के साहस की लोग तारीफ कर रहे हैं।



