सिर से उठा पिता का साया, घर में बीमार मां, बड़ी बहन बनी सहारा, 12वीं टॉपर अर्पिता ने प्रदेश में चौथा स्थान किया प्राप्त

बाराबंकी में एक बारहवीं कक्षा की टॉपर छात्रा के बचपन में ही पिता का निधन हो गया था। घर में अकेली बीमार मां के बाद टॉपर अर्पिता की शादीशुदा बड़ी बहन ने जिम्मेदारी संभाली है।

बाराबंकी/उत्तर प्रदेश। कठिन हालात अगर हौसले से टकराएं, तो कामयाबी की नई कहानी बनती है। यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट परीक्षा में 97.33% अंक हासिल कर चौथा स्थान पाने वाली बाराबंकी की टॉपर बिटिया की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। बचपन में पिता के निधन के बाद टॉपर अर्पिता जायसवाल की बड़ी बहन ने जिम्मेदारी संभाली है। बोर्ड परीक्षा में कड़ी मेहनत कर प्रदेश में अपना स्थान बनाया है। यूपी बोर्ड परीक्षा के गुरुवार को आए परिणाम में बाराबंकी शहर के लखपेड़ाबाग स्थित महारानी लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज की छात्रा अर्पिता जायसवाल ने प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया है। सफेदाबाद क्षेत्र के दनियालपुर गांव की निवासी अर्पिता जायसवाल ने बताया कि उनका सपना इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करना है, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचना आसान नहीं था। करीब 9 साल पहले पिता का गंभीर बीमारी से निधन हो गया था। पिता के साए के बिना ही उन्हें आगे बढ़ना पड़ा।
अर्पिता पर घर की जिम्मेदारियों का बोझ भी कम नहीं था। उनकी मां गीता जायसवाल का एक हादसे में पैर फ्रैक्चर हो गया, जिस कारण वो घर पर ही हैं और पूरी तरह स्वस्थ नहीं हैं। ऐसे में परिवार की देखभाल की जिम्मेदारी बड़ी बहन नंदिनी जायसवाल ने संभाली। परिवार में तीन बहनें हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है, जबकि अर्पिता सबसे छोटी हैं।
छोटी सी उम्र में ही संघर्ष, जिम्मेदारी के साथ अपने सपनों को भी पंख लगाना था। बड़ी बहन के सहयोग और अपने संकल्प के दम पर अर्पिता ने पढ़ाई में बेहतरीन प्रदर्शन कर दिखाया। अर्पिता ने कहा कि सरकारों को शिक्षा क्षेत्र में और सुधार करने की जरूरत है। उनका कहना है कि पढ़ाई को स्किल्स के साथ जोड़ा जाना चाहिए, ताकि युवा भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने विदेशों की शिक्षा व्यवस्था का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां छात्रों की क्षमता पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है। विद्यालय प्रबंधक राम किशोर शुक्ल ने बताया कि अर्पिता की सफलता सिर्फ एक रिजल्ट नहीं, बल्कि संघर्ष की जीत है।
6 छात्राओं ने मेरिट में बनाई जगह
हाईस्कूल में कस्बा जैदपुर स्थित मार्डन एकेडमी इंटर कॉलेज की छात्रा अंशिका वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की अदिति ने 97.50 प्रतिशत अंक पाकर दूसरा और परी वर्मा ने 97.33 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। एक ही विद्यालय की तीन छात्राओं के टॉप में आने से स्कूल में उत्सव जैसा माहौल रहा।
वहीं, इंटरमीडिएट वर्ग में शहर के लखपेड़ाबाग स्थित महारानी लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन किया। श्रेया वर्मा ने 97.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। पूजा पाल ने 97 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा और अर्पिता जायसवाल ने 96.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चौथा स्थान हासिल किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button