कानपुर में भाजपा नेता रमेश यादव के फार्म हाउस पर 50 लाख रुपये की लूट, हाथ-पैर बांधकर बनाया बंधक

कानपुर में बीजेपी नेता रमेश यादव को बंधक बनाकर नकाबपोश बदमाशों ने 50 लाख रुपये लूट लिए। सोमवार रात को नकाबपोश बदमाश रमेश यादव के फार्म हाउस में घुसे और उनके हाथ-पैर बांधकर घर में लूटपाट की।

कानपुर,उत्तर प्रदेश। कानपुर में भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव के फार्म हाउस पर लूट की घटना सामने आई है। आरोप है कि सोमवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर करीब 50 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और घटना की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, बदमाश सोमवार रात रमेश यादव के फार्म हाउस में घुसे और उनके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद घर में लूटपाट की और फरार हो गए। घटना की सूचना रात करीब 1:20 बजे पुलिस को दी गई। वारदात की जानकारी मिलते ही संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन ताडा और डीसीपी दीपेंद्रनाथ चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस जांच के दौरान फार्म हाउस में बदमाशों के प्रवेश करने का सीसीटीवी फुटेज नहीं मिला है। हालांकि, भागते समय दो संदिग्ध कैमरे में कैद हुए हैं। फुटेज में दोनों वॉशबेसिन पर पैर रखकर टीन शेड के ऊपर से कूदते दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे। पुलिस इन तस्वीरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
रमेश यादव का फार्म हाउस करीब चार बीघे में बना है। परिसर की सुरक्षा के लिए लगभग 10 फीट ऊंची बाउंड्री बनाई गई है, जिसके ऊपर दो फीट ऊंचे कंटीले तार लगे हैं। फार्म हाउस में करीब 50 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। बताया गया है कि फार्म हाउस में चार सुरक्षा गार्ड तैनात थे। घटना के समय रमेश यादव घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित फार्म हाउस में अकेले रुके हुए थे।
रमेश यादव एक अक्टूबर को भाजपा के पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री बने थे। सोमवार को लखनऊ में पदभार ग्रहण करने के बाद वह रात करीब 12:30 बजे कानपुर पहुंचे थे। इसके कुछ ही समय बाद फार्म हाउस में लूट की वारदात की सूचना पुलिस को दी गई।
रमेश यादव राजनीतिक और स्थानीय प्रशासनिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे हैं। वह दो बार ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं, जबकि उनकी पत्नी शशि यादव भी ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं। वर्ष 2022 में रमेश यादव ने बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर बिठूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों की पहचान, लूटी गई रकम की बरामदगी और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button