कोटा में सोशल मीडिया के लाइक्स के चक्कर में मगरमच्छों पर फोड़ा सुतली बम

राजस्थान के कोटा शहर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां चंद्रलोई नदी में मगरमच्छों का डराने और सोशल मीडिया लाइक्स के चक्कर में युवकों ने नदी में सुतली बम फेंक दिए।

कोटा/राजस्थान। सोशल मीडिया पर ‘रील्स’ और ‘व्यूज’ का क्रेज युवाओं पर इस कदर हावी हो गया है कि वे अब बेजुबान वन्यजीवों की जान जोखिम में डालने से पीछे नहीं हट रहे हैं। इसी क्रम में राजस्थान के कोटा जिले से एक ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ युवकों ने महज चंद लाइक्स के लिए नदी में आराम कर रहे मगरमच्छ पर सुतली बम फेंककर हमला कर दिया।
यह घटना कोटा की चंद्रलोई नदी (चंद्रेसल) की बताई जा रही है, जो मगरमच्छों के प्राकृतिक आवास के रूप में जानी जाती है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक हाथ में सुतली बम लेकर उसे जलाता है और सीधे पानी में मौजूद मगरमच्छ की ओर फेंक देता है। बम के धमाके से पानी में जोरदार हलचल होती है और बेजुबान जानवर दहशत में आ जाता है। यह पूरी हरकत सिर्फ इसलिए फिल्माई गई ताकि इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सुर्खियां बटोरी जा सकें।
वीडियो के वायरल होते ही वन विभाग और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज हुआ है।
वन विभाग ने आरोपी युवक के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत बोरखेड़ा थाने में मामला दर्ज कराया है। बोरखेड़ा थाना पुलिस ने चंद्रेसल गांव के उस स्थान का दौरा किया जहाँ यह घटना हुई थी। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की पहचान कर ली गई है। फिलहाल मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, मगरमच्छ शेड्यूल-1 के अंतर्गत आने वाला एक संरक्षित वन्यजीव है। इसका अर्थ यह है कि इसे परेशान करना, डराना या नुकसान पहुँचाना एक गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में आता है। दोषी पाए जाने पर आरोपियों को कड़ी जेल और भारी जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button