हिमाचल के ऊना में 28 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या, कमरे में खून से लथपथ मिली लाश

ऊना/हिमाचल प्रदेश। ऊना जिले के लोअर बसाल में 28 वर्षीय प्रवासी युवती की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान रेणु पत्नी राजू निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में की गई है। मृतक युवती पिछले करीब एक महीने से किराए के इस मकान में अकेली रह रही थी। वह रोजाना सुबह गांव में ही स्थित एक उद्योग में काम करने के लिए जाती थी। लेकिन मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने घर का गेट और दरवाजा भी खुला पाया, ऐसे में ग्राम पंचायत प्रधान को सूचित किया गया।
प्रधान की मौजूदगी में कमरे में अंदर जाकर देखा, तो सबके होश फाख्ता हो गए। कमरे में महिला लहुलूहान हालत में पड़ी हुई थी और खून के छींटे दीवार पर भी पड़े हुए थे। सूचना मिलने के बाद एएसपी ऊना संजीव भाटिया, डीएसपी हरोली मोहन रावत व थाना प्रभारी हरोली सुनील सांख्यान सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
पुलिस ने मामले को लेकर स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की, जिससे पता चला कि युवती कुछ माह पहले ही लोअर बसाल में आई थी। युवती को इसके चाचा ने बसाल के ही एक उद्योग में खाना बनाने के लिए काम पर रखवाया था। महिला का चाचा खुद चंडीगढ़ में रहता है। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि प्रवासी महिला के शव को कब्जे में लिया गया है। महिला की गर्दन पर तेजधार हथियार से हमला किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button