‘हलाला पर फिल्म बनाएं, ‘चिरैया’ वेब सीरीज हिंदू शादियों को तोड़ने की साजिश’, विरोध में उतरी महाकाली वाहिनी

उत्तर प्रदेश में वेब सीरीज चिरैया का विरोध बढ़ता जा रहा है। इसमें हिंदू विवाह को तोड़ने की साजिश की गई है। ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं।
गाजियाबाद। वेब सीरीज चिरैया का विरोध तेज होता जा रहा है। इसमें केवल एक धर्म को दिखाए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में महाकाली वाहिनी की सदस्य महिलाओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। इसके अलावा उन्होंने जिलाधिकारी को निर्माता और निर्देशक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। महाकाली की सदस्यों ने कहा कि इस सीरीज में हिंदू शादी को तोड़ने के लिए साजिश रची जा रही है। हिंदू लड़कियों को बरगलाया जा रहा है कि आप मैरिटल रेप का केस नहीं कर सकती हो तो दहेज उत्पीड़न का केस पति और उनके परिजनों पर करो।
महाकाली वाहिनी के सदस्य डॉ. उदिता त्यागी ने कहा कि वेब सीरीज चिरैया में वामपंथी एजेंडे को दिखाया गया है। मैरिटल रेप को सोसाइटी में पुश करने की कोशिश की जा रही है, जो कि किसी विशेष धर्म से नहीं है। ये हरेक धर्म की महिलाओं के लिए है। पर, इसमें सनातनी विवाह दिखाया गया है और सनातनी कैरेक्टर दिखाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी सनातनी लड़कियों को बरगलाया जा रहा है। सीरीज में बताया जा रहा है कि मैरिटल रेप पर कोई केस नहीं बनता है, इसलिए आप दहेज का केस लगा दो। एक तरह से सनातन विवाह को तोड़ने की साचिश की जा रही है, जिसका हम विरोध करते हैं। सीरीज के खिलाफ कबीर नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराने जा रहे हैं। कहा कि दूसरे धर्मों पर तमाम कमियां हैं। सीरीज के निर्माता और निर्देशक से हमारा सवाल है कि क्या हलाला जैसी प्रथा पर क्या सीरीज या फिल्म बना सकते हैं?
वेब सीरीज चिरैया की कहानी
वेब सीरीज चिरैया की कहानी लखनऊ के एक संभ्रांत परिवार की है। मुखिया पापा जी (संजय मिश्रा) का साहित्यिक बिरादरी में बड़ा नाम सम्मान है। घर की बड़ी बहू कमलेश (दिव्या दत्ता) कम पढ़ी-लिखी है। वह हर मायने में आदर्श बहू है। देवर अरुण (सिद्धार्थ शॉ) को उसने अपने बेटे की तरह पाला है। पर, परिवार में उस समय भूचाल आता है, जब अरुण की नई नवेली पत्नी पूजा (प्रसन्ना बिष्ट) अपने ही पति पर रेप का आरोप लगाती है। वह इसके लिए घर से बगावत करती है।




