पाकिस्तान में भारी बारिश और भूकंप से ढहा राज कपूर की हवेली का हिस्सा, सांस्कृतिक धरोहर पर संकट

पेशावर/पाकिस्तान। पाकिस्तान में भारी बारिश और शुक्रवार रात आए भूकंप के कारण पेशावर में स्थित बालीवुड अभिनेता राज कपूर की हवेली का एक हिस्सा ढह गया। कपूर हवेली खैबर पख्तूनख्वा प्रांत का एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक स्थल है।
पाकिस्तान सरकार ने इसे 2016 में राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया था। यह लगातार बारिश के कारण कमजोर हो गई थी और शुक्रवार देर रात आए भूकंप के झटकों ने इसकी पहले से ही जर्जर संरचना को और अस्थिर कर दिया।
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की विरासत परिषद के सचिव शकील वहीदुल्लाह ने बताया कि भूकंप के बाद हवेली की दीवार का एक हिस्सा गिर गया, जिससे शेष संरचना की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है।
वहीदुल्लाह ने पुरातत्व विभाग और प्रांतीय सरकार से ऐतिहासिक इमारत के जीर्णोद्धार और संरक्षण के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया और चेतावनी दी कि आगे की उपेक्षा से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को अपूरणीय क्षति हो सकती है। पेशावर के प्रसिद्ध किस्सा ख्वानी बाजार के मध्य में कपूर हवेली स्थित है। यह पृथ्वीराज कपूर का निवास स्थान थी। इसका निर्माण उनके पिता दीवान बशेश्वरनाथ कपूर ने 1918 से 1922 के बीच करवाया था। राज कपूर और उनके चाचा त्रिलोक कपूर का जन्म यहीं हुआ था।





