केएमपी से आधा दर्जन अवैध पिस्तौल सहित तीन तस्कर गिरफ्तार

गुरुग्राम में गैंग्‍स्‍टर को बेचने जा रहे थे हथियार

पलवल। एसटीएफ पलवल की टीम ने अटोहा गांव स्थित केएमपी एक्सप्रेस वे के समीप से आधा दर्जन अवैध पिस्तौल के साथ बाइक सवार तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध पलवल के सदर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसटीएफ यूनिट के एसआई इसराईल खान को मुखबिर से 11 जुलाई को सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश के मुरैना का रहने वाला संतोष उर्फ कृष्ण, राजस्थान के धौलपुर का रहने वाला अरुण कुमार और मध्यप्रदेश के भिंड का रहने वाला करण उर्फ कार्तिक अवैध हथियारों की तस्करी करते हैं। उन्‍हें यह भी जानकारी मिली थी क‍ि तीनों एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मानेसर केएमपी मोड़ पर चाय पीने के लिए खड़े हैं। साथ ही, कुछ ही देर में गुरुग्राम की तरफ हथियारों को बेचने के लिए जाएंगे।
सूचना को पुख्ता मानकर एसआई इसराईल खान ने अपनी टीम के साथ मौके पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही तीनों हड़बड़ा गए, पुलिस ने उन्हें तुरंत काबू कर लिया। पीछे बैठे संतोष उर्फ कृष्णा के पास एक पिट्ठू बैग मिला, जिसमें छह पिस्तौलें थीं। पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि वे इन हथियारों को गैंग्‍स्टरों को सप्लाई करने जा रहे थे।
पुलिस को आरोपित की मोटरसाइकिल के कागजात भी नहीं मिले। बरामद किए गए अवैध हथियारों और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है। तीनों आरोपितों के विरुद्ध सदर थाना पलवल में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसटीएफ की गिरफ्त में आए संतोष के विरुद्ध आर्म्स एक्ट, मारपीट करने समेत विभिन्न धाराओं के करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपित पर यह मुकदमे मध्य प्रदेश के मुरैना में दर्ज हैं। वहीं करण के विरुद्ध भी मध्यप्रदेश के भिंड में दो मुकदमे दर्ज हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button