गाजियाबाद में कार व्यापारी के मर्डर की बड़ी साजिश नाकाम, 5 लाख की सुपारी लेने वाला कान्ट्रैक्ट किलर गिरफ्तार

प्रेम प्रकाश त्रिपाठी,(गाजियाबाद)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस ने खतरनाक कांट्रैक्ट किलर को गिरफ्तार किया है। साथ ही कार व्यापारी की हत्या की साजिश को भी पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया है। वांटेड कांट्रैक्ट किलर जितेंद्र त्यागी की गाजियाबाद पुलिस को लंबे वक्त से तलाश थी। जितेंद्र त्यागी के खिलाफ पूर्व में हत्या समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गाजियाबाद पुलिस ने गुरुवार को बताया कि कार व्यापारी की हत्या की कोशिश के आरोपित कांट्रैक्ट किलर को गिरफ्तार कर लिया है। जितेंद्र त्यागी के रूप में पहचाने जाने वाले आरोपी को बुधवार रात गिरफ्तार कि गया। पुलिस ने उसके पास से एक 9 एमएम की आटोमेटिक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और डीलर को मारने के लिए ली गई सुपारी के 58,000 रुपये की राशि बरामद की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित व्यापारी द्वारा दर्ज प्राथमिकी के आधार पर गाजियाबाद के नंदग्राम निवासी जितेंद्र त्यागी को ओपुलेंट माल के पास जीटी रोड से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपित ने कार व्यापारी की हत्या के बदले संपूर्णानंद उर्फ काले अनेजा से पांच लाख रुपये की सुपारी लेने की बात स्वीकार की है। आरोपित ने बताया कि उसे 1 लाख रुपये बतौर एडवांस मिले थे और शेष 4 लाख रुपये हत्या करने के बाद मिलने वाले थे।




