महाराष्ट्र में मंत्री पंकजा मुंडे की मीटिंग में नहीं पहुंचे आईएएस अधिकारी, सरकार ने 24 घंटे में किया सस्पेंड

महाराष्ट्र डेस्क। महाराष्ट्र सरकार ने मंत्री पंकजा मुंडे की मीटिंग में शामिल नहीं होने के कारण एक आईएएस अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है। आरोप है कि पंकजा मुंडे के बार-बार बुलाने पर आईएएस अधिकारी मीटिंग में नहीं पहुंचे।
महाराष्ट्र सरकार की ओर से जिस आईएएस अधिकारी को सस्पेंड किया गया है, वह 2011 बैच के आईएएस अधिकारी और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (MPCB) के सदस्य सचिव एम. देवेंद्र सिंह हैं। दरअसल, महाराष्ट्र विधानसभा में पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे को चंद्रपुर जिले में प्रदूषण पर हुई चर्चा पर प्रतिक्रिया देने के लिए कहा गया था। विधानसभा सत्र के दौरान मुंडे ने बताया कि वे विस्तृत जानकारी नहीं दे सकतीं, क्योंकि एम. देवेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उनके द्वारा बुलाई गई बैठक में उपस्थित नहीं हुए।
मंत्री पंकजा मुंडे ने विधानसभा सत्र के दौरान बताया कि अधिकारी ने बार-बार याद दिलाने के बावजूद न केवल बैठक में भाग नहीं लिया, बल्कि कथित तौर पर एक संदेश भी भेजा था, जिसमें कहा गया था कि वह उपस्थित नहीं होंगे।
महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे की शिकायत को कार्यवाहक अध्यक्ष दिलीप लांडे गंभीरता से लेते हुए इसे ‘घोर लापरवाही’ और ‘विधानमंडल का अपमान’ बताया और सरकार को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। 24 घंटे के भीतर, राज्य सरकार ने अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन और अपील) नियम, 1969 के तहत निलंबन आदेश जारी किया। आईएएस अधिकारी देवेंद्र सिंह के साथ, एमपीसीबी के संयुक्त निदेशक सतीश पडवाल को भी निलंबित किया गया है।




