दिल्ली में महिलाओं को नोटों की गड्डी दिखाकर उतरवा लेते थे जूलरी

दिल्ली ब्यूरो। द्वारका जिले की एएटीएस पुलिस ने नोटों की नकली गड्डी दिखाकर महिलाओं को ठगने वाले गड्डी गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें गैंग का सरगना भी शामिल है। ये लोग नकली गड्डी दिखाकर महिलाओं से उनकी जूलरी उतरवा लेने में माहिर थे। दोनों आरोपियों की पहचान प्रवीण और शिवेंद्र के रूप में हुई है। ये नांगलोई और बिंदापुर के हैं। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और कागज की एक नकली गड्डी बरामद की गई है। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने द्वारका जिले के ठगी के 3 मामलों का खुलासा किया है। डीसीपी एम. हर्षवर्धन के अनुसार, 14 अगस्त को बिंदापुर थाने की पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित महिला ने बताया कि दो अज्ञात युवकों ने उन्हें नकली गड्डी दिखाकर उनसे जूलरी ठग ली। महिला की शिकायत पर बिंदापुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसीपी ऑपरेशन राम अवतार की देखरेख में टीम ने सीसीटीवी फुटेजों की जांच की। इस क्रम में पुलिस को वारदात में शामिल आरोपियों के बारे में सूचना मिली। पुलिस ने टेक्निकल और मैन्युअल सर्विलांस की सहायता से ट्रैप लगाकर वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक सहित दो आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकारी। उनके पास से एक नकली गड्डी भी बरामद की गई। आरोपियों ने बताया कि वे उनके तीसरे साथी नांगलोई के तरुण के साथ मिलकर कई ठगी करते थे। पूछताछ में आरोपी प्रवीण ने बताया कि ठगे गए आभूषणों को उसने सुल्तानपुरी के भानु नाम के शख्स को बेचा था। पुलिस ने सुल्तानपुरी स्थित भानु के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह पुलिस से बच निकलने में कामयाब रहा। इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button