आजमगढ़ में साथियों संग पकड़ा गया फर्जी दरोगा, शादी की ऑनलाइन वेबसाइट पर फोटो पोस्‍ट कर ऐंठता था पैसे

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। आजमगढ़ पुलिस ने एक ऐसे शख्‍स को साथियों समेत अरेस्‍ट किया है जो फर्जी पुलिसवाला बनकर लोगों को ठगता था। वह लोगों से पैसे तो ऐंठता था ही शादी की वेबसाइट पर यूपी पुलिस का एसआई बनकर रिश्‍ते की बात चलाता। बाद में मां के ऑपरेशन के नाम पर पैसे ठग लेता था। इस अंतर्जनपदीय गैंग का खुलासा सोमवार को सपी सिटी शैलेंद्र लाल ने किया। फर्जी दरोगा और उसके तीन साथी इस समय पुलिस की गिरफ्त में हैं।
इस गैंग के खुलासे में मुबारकपुर और शहर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। दो तमंचे, पुलिस की डबल स्टार वर्दी, नेम प्लेट, दो कार समेत अन्य सामग्री बरामद की गई हैं। बलिया जनपद निवासी धीरज सिंह खुद की पुलिस वर्दी में और अन्य पुलिसकर्मियों के बीच में रहकर फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर डालता था। इस तरह वह लोगों को ठगने का काम करता था।
उसके सहयोगी लोगों को उसके पुलिस में होने का अलग-अलग तरीके से आभास कराते थे। यह गैंग वर्ष 2020 से सक्रिय था। धीरज वर्दी पहन कर इंस्टाग्राम और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एसआई बताता रहा है। वह पुलिस के मेडल लगाता रहा। नेताओं के साथ फोटो प्रोफाईल पर डालता था। इतना ही नहीं वह नियमित रूप से वर्दी पहन कर विभिन्‍न दफ्तरों में जाता रहा और समारोह में शामिल होता रहा।
इतना ही नहीं शादी के प्रपोजल आने पर उनसे नजदीकी बढ़ाता और फिर मां के ऑपरेशन के नाम पर पैसे मांगता था। इसके बाद अपने शिकारों से सम्पर्क काट देता था। यह गैंग बलिया, मिर्जापुर, लखनऊ और इलाहाबाद में सक्रिय रहा। इन लोगों पर पहले से इलाहाबाद और लखनऊ में मुकदमे लिखे जा चुके थे। आजमगढ़ में भी मुकदमा पंजीकृत किया गया। चेकिंग में बावर्दी (फर्जी) पकड़े जाने और दो धोखाधड़ी के मुकदमे कोतवाली और फूलपुर में लिखाए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button