हाई कोर्ट के वकील की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में हड़कंप, तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात

गोंडा/उत्तर प्रदेश। गोंडा जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सूदई पुरवा गांव में जमीनी विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया. कब्जेदारी को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मृतक की पहचान 59 वर्षीय सुभाष चंद्र मिश्रा के रूप में हुई है, जो हाईकोर्ट में वकील थे। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अनुसार, विवाद उस समय शुरू हुआ जब एक पक्ष के लोग ट्रैक्टर से खेत की जुताई करवा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और कब्जे को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया। इस हिंसक संघर्ष में एक ही पक्ष के तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दो घायलों का उपचार जारी है। घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय ने बताया कि इस मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button