राजस्थान यूनिवर्सिटी में सुरक्षा गार्ड ने मूक बधिर छात्र-छात्राओं के सामने किए भद्दे इशारे
राजस्थान विश्वविद्यालय कैंपस में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे मूक-बधिर विद्यार्थियों के साथ सुरक्षा गार्ड द्वारा अश्लील इशारे करने और मजाक उड़ाने का शर्मनाक मामला सामने आया है।

जयपुर/एजेंसी। जयपुर स्थित राजस्थान विश्वविद्यालय कैंपस में एक ऐसी गंदी हरकत हुई जिसने शिक्षा के मंदिर को शर्मसार कर दिया। गुरुवार को राजस्थान के कई जिलों में छात्रसंघ चुनाव की मांग लेकर प्रदर्शन हुए थे। जयपुर स्थित राजस्थान यूनिवर्सिटी कैंपस में भी प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन में राजकीय मूक बधिर कॉलेज के छात्र छात्राएं भी शामिल हुई। उनकी मांग थी कि छात्रसंघ चुनाव बहाल हों ताकि उनके कॉलेज में चुनाव हो सके। प्रदर्शन के बाद यूनिवर्सिटी के सुरक्षा गार्ड ने मूक बधिर छात्र छात्राओं के साथ शर्मनाक हरकत कर दी।
प्रदर्शन के बाद जब मूक बधिर महाविद्यालय के दिव्यांग छात्र छात्राएं एडम ब्लॉक (प्रशासनिक भवन) के बाहर खड़े थे और प्रशासन से मिलना चाह रहे थे। उस समय वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने बेहूदा हरकत कर डाली। छात्र छात्राएं अपने मोबाइल से वीडियो बना रहे थे और उसी दौरान सुरक्षा गार्ड उन्हें अश्लील इशारे कर रहा था। छात्र छात्राओं ने जब अश्लील इशारों को लेकर आपत्ति जताई तो सुरक्षा गार्ड अपनी बॉडी दिखाते हुए ताकत का प्रदर्शन करने लगा।
काफी देर तक दिव्यांग छात्र छात्राएं प्रशासनिक भवन के बाहर खड़े रहे। इस दौरान सुरक्षा गार्ड बार बार उनके सामने बेहूदा हरकत करता रहा। गंदी हरकत करने के साथ वह दिव्यांग छात्र छात्राओं का मजाक उड़ाने के इशारे भी करता रहा। सुरक्षा गार्ड की हरकत से दिव्यांग छात्र छात्राएं काफी असहज हुई। उन्होंने इसकी शिकायत रजिस्ट्रार आशु चौधरी से की।
दिव्यांग छात्र छात्राओं ने जब रजिस्ट्रार आशु चौधरी को सुरक्षा गार्ड की हरकत के बारे में बताया और वीडियो दिखाया तो मैडम भी गुस्से में लाल हो गई। छात्रों के साथ हुए इस अपमानजनक व्यवहार से मैडम बेहद नाराज दिखीं। उन्होंने तुरंत उच्च अधिकारियों को कॉल लगाया और सुरक्षा गार्ड को हटाए जाने के साथ उसके खिलाफ एफआईआर लिखाए जाने की सूचना दी। हालांकि एफआईआर दर्ज नहीं हुई लेकिन सुरक्षा गार्ड को तुरंत हटा दिया गया।
दिव्यांग छात्र छात्राओं के साथ हुए अमानवीय व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो यूनिवर्सिटी के छात्र नेता भी तैश में आ गए। उन्होंने भी विरोध प्रदर्शन शुरू करते हुए प्रशासनिक भवन का घेराव किया। छात्र नेताओं का कहना था कि ऐसे बेशर्म सुरक्षा गार्ड को हटाने के साथ उसके खिलाफ सख्त धाराओं में केस दर्ज कराया जाए ताकि आगे से कोई ऐसी हरकत करने की नहीं सोचे।




