मोदीनगर में किशोर से सामूहिक कुकर्म का प्रयास
विरोध करने पर बहन की अंगुली चबाई, पुलिस बना रही दबाव

निवाड़ी/गाजियाबाद। निवाड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में किशाेर को खेत में ले जाकर सामूहिक कुकर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। किशोर किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंचा और स्वजन को आपबीती सुनाई।
इस पर जब किशोरी की बहन ने विरोध किया तो आरोपितों ने उन्हें पीटा और उसकी अंगुली चबा दी। आरोप है कि निवाड़ी पुलिस की आरोपित पक्ष से साठगांठ है। पीड़ित परिवार पर पुलिस फैसले के लिए दबाव बना रही है। बृहस्पतिवार को पीड़ित परिवार ने एसीपी मोदीनगर से शिकायत की है।
एक गांव की युवती के मुताबिक, उनका नाबालिग भाई एक स्कूल में पढ़ाई करता है। दो दिन पहले गांव के ही कुछ आरोपित उनके भाई को जबरन खेत में लेकर गए। वहां उसके साथ कुकर्म की कोशिश की गई। जबरन कपड़े तक उतारे गए। किसी तरह वहां से भागकर वह घर पहुंचा और स्वजन को सारी बात बताई। इसपर स्वजन आरोपितों के घर पहुंचे और उनकी करतूत का विरोध किया। आरोप है कि इस पर आरोपितों ने उल्टा किशोर के स्वजन को ही धमकाना शुरू कर दिया। उनके साथ मारपीट कर दी।
युवती की तो अंगुली तक चबा दी। उसी दिन डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने निवाड़ी थाने में शिकायत दी। लेकिन पुलिस तभी से उन्हें टरकाने में लगी है। आरोप है कि पुलिस ने उनपर फैसले का दबाव बनाया। मुकदमा दर्ज करने से इनकार कर दिया। ऐसे में पीड़ित परिवार को निवाड़ी पुलिस पर आरोपितों से साठगांठ का अंदेशा है। कार्रवाई की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को पीड़ित परिवार ने एसीपी मोदीनगर से शिकायत की। एसीपी ने जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया है।




