अमृता फडणवीस ने एक्सिस बैंक में 23 साल पुराने बैंकिंग करियर को कहा अलविदा, नौकरी से दिया इस्तीफा

मुंबई/एजेंसी। अमृता फडणवीस ने गुरुवार को अपनी 23 साल पुरानी नौकरी से इस्तीफा दे दिया। वह देवेंद्र फडणवीस की पत्नी हैं। उन्होंने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। उन्होंने लिखा कि 23 साल पहले वह एक्सिस बैंक में एक युवा मैनेजमेंट ट्रेनी के रूप में शामिल हुई थीं और अब सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के पद से विदा ले रही हैं।
उन्होंने कहा कि उनके दिल में संस्था के लिए कृतज्ञता भरी हुई है। अमृता फडणवीस ने अपने साथियों और बैंक के एमडी और सीईओ अमिताभ चौधरी का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह संस्था उनके लिए परिवार, शिक्षक और दूसरा घर रही है।
जब साल 2014 में देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने थे, तब भी अमृता फडणवीस ने अपनी नौकरी जारी रखने का फैसला किया था। उस समय वह नागपुर में एक्सिस बैंक में एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत थीं।
उन्होंने बैंकिंग के दौरान शाखा संचालन, कॉरपोरेट बैंकिंग, ट्रेजरी और ग्राहक संबंध जैसे कई विभागों में काम किया। उन्होंने कहा कि इस सफर में उन्हें अनुभव, सीख और मजबूत रिश्ते मिले। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि यह अध्याय भले ही खत्म हो रहा है, लेकिन वह जीवनभर की सीख और दोस्तियां साथ लेकर जा रही हैं।
अमृता फडणवीस नागपुर के एक डॉक्टर दंपती की बेटी हैं। उनकी शादी साल 2006 में देवेंद्र फडणवीस से हुई थी। उन्होंने अभी तक आगे की योजनाओं के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है। उन्होंने Symbiosis International University से फाइनेंस में एमबीए किया है और जीएस कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। बैंकिंग और सामाजिक कार्यों के साथ-साथ वह संगीत में भी सक्रिय रही हैं। वह प्रशिक्षित शास्त्रीय गायिका हैं और ‘मोरया रे’ तथा ‘कुनी मह्नाले’ जैसे कई गीत गा चुकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button