हनीट्रैप में फंसाकर बनाए संबंध, फिर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर वसूले 10 लाख रुपये

बरेली/उत्तर प्रदेश। बरेली जिले के थाना प्रेमनगर पुलिस ने हनीट्रैप से लोगों को फंसाकर संगीन धाराओं में झूठे मुकदमे दर्ज कराने की धमकी देकर रुपये वसूलने वाली एक महिला अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर पकड़ा है।
इन्द्रानगर, थाना प्रेमनगर, बरेली निवासी मनीष गंगवार ने पुलिस को दी तहरीर दी। कहा कि पूजा शर्मा ने उन्हें हनीट्रैप में फंसाकर संबंध स्थापित किए और बाद में दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोपों में झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। आरोप है कि पहले 10 लाख रुपये की वसूली की गई और दोबारा 12 लाख रुपये की मांग की गई। रकम न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती रही।
पीड़ित की तहरीर पर थाना प्रेमनगर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने पूजा शर्मा समेत तीन लोगों पर भी मुकदमा दर्ज किया है। शुक्रवार दोपहर मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य अभियुक्त पूजा शर्मा (37) पत्नी आर्यन शर्मा, निवासी वीर सावरकर नगर, थाना इज्जतनगर, बरेली को गिरफ्तार कर लिया है। उससे बरामदगी में एक मोबाइल फोन मिला है।
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति से पारिवारिक विवाद चल रहा है और वह दो बेटियों के साथ अलग रह रही है। आय का कोई साधन न होने के कारण उसकी मुलाकात शिकायतकर्ता से हुई। बाद में लालच में आकर उसने झूठी शिकायत दर्ज कराई और समझौते के नाम पर 10 लाख रुपये लिए। इसके बाद 12 लाख रुपये और मांगने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस टीम में निरीक्षक अपराध प्रमोद कुमार, थाना प्रेमनगर, उप निरीक्षक सरताज , कॉन्स्टेबल अनुराग, महिला कॉन्स्टेबल एकता, महिला कॉन्स्टेबल अर्चना आदि शामिल रहीं। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।




