ठंडी हवाओं के बीच भी मां वैष्णो देवी के दर्शन को उमड़ रहे श्रद्धालु, रोजाना 25 हजार तक पहुंच रही यात्रियों की संख्या
सर्द हवाओं के बावजूद श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ मां वैष्णो देवी की यात्रा कर रहे हैं। मौसम साफ रहने से हेलीकॉप्टर, बैटरी कार सहित सभी सेवाएं सुचारु हैं, और यात्रा में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी हुई है।

परिपूर्ण न्यूज़ संवाददाता/सुदेश कुमार
कटड़ा,जम्मू। सर्द हवाओं और तापमान में गिरावट के बावजूद मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। ठंड के असर को दरकिनार कर देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ मां के दरबार में पहुंच रहे हैं। आधार शिविर कटड़ा से लेकर भवन तक यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल देखने को मिल रही है। सोमवार को मौसम सामान्य रहा और दिनभर धूप खिली रही, लेकिन लगातार चल रही ठंडी हवाओं के कारण यात्रियों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।
मां वैष्णो देवी की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए श्राइन बोर्ड की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं जारी रखी गई हैं। यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा और रोपवे का संचालन सुचारू रूप से हो रहा है। इसके अलावा घोड़ा, पिट्ठू और पालकी की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि बुजुर्गों और शारीरिक रूप से असमर्थ श्रद्धालुओं को यात्रा पूरी करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। श्रद्धालु अपनी सुविधा और क्षमता के अनुसार इन सेवाओं का लाभ उठाकर मां के दरबार तक पहुंच रहे हैं।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर रहे हैं। पवित्र गर्भ जून गुफा में माथा टेकने के लिए भी बड़ी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं। मां वैष्णो देवी भवन पहुंचकर श्रद्धालु माता रानी के चरणों में शीश नवाते हुए परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन भी कर रहे हैं। मान्यता के अनुसार, भैरवनाथ के दर्शन के बाद ही मां वैष्णो देवी की यात्रा पूर्ण मानी जाती है।
दर्शन और यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालुओं का रुख आधार शिविर कटड़ा के बाजारों की ओर हो रहा है। यहां यात्री प्रसाद, माता की चुनरी, धार्मिक सामग्री और अन्य जरूरत के सामान की खरीदारी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की आवाजाही के चलते बाजारों में भी रौनक बनी हुई है और स्थानीय दुकानदारों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है।
मां वैष्णो देवी की यात्रा पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या इन दिनों लगातार अच्छी बनी हुई है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 20 हजार से 25 हजार श्रद्धालु मां के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं। वहीं, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को सप्ताहांत के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़कर 28 हजार से 35 हजार के बीच पहुंच रही है। इससे स्पष्ट है कि ठंड बढ़ने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और यात्रा को लेकर उत्साह कम नहीं हुआ है।
आंकड़ों के अनुसार, रविवार को करीब 24,200 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई थी। वहीं, सोमवार को दोपहर तीन बजे तक लगभग 18 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। इसके बाद भी कटड़ा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला जारी था। ऐसे में सोमवार को यात्रियों की अंतिम संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना बनी हुई थी।
ठंड के मौसम में भी मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए उमड़ रही भीड़ से यात्रा मार्ग और आधार शिविर कटड़ा में लगातार धार्मिक माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु मौसम की चुनौतियों के बीच पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ माता रानी के जयकारे लगाते हुए अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं।




