बीकानेर बॉर्डर पर मिला ‘पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस’ लिखा गुब्बारा, पुलिस जांच में जुटी

बीकानेर/राजस्थान। बीकानेर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र छतरगढ़ से एक बार फिर संदिग्ध गतिविधि से जुड़ी खबर सामने आई है। छतरगढ़ थाना क्षेत्र के कंकराला गांव में ग्रामीणों को एक गुब्बारा मिला, जिस पर स्पष्ट रूप से ‘पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस’ लिखा हुआ है। गुब्बारा मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने खेतों और आबादी क्षेत्र के नजदीक यह गुब्बारा पड़ा देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही छतरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस गुब्बारे की स्थिति, उस पर लिखे शब्दों और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब छतरगढ़ या बीकानेर के सीमावर्ती इलाकों में इस तरह के गुब्बारे मिले हों। इससे पहले भी कई बार बॉर्डर क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से भेजे गए गुब्बारे बरामद हो चुके हैं। कई मामलों में इन गुब्बारों पर अलग-अलग कंपनियों, संस्थानों या पाकिस्तान से जुड़े नाम लिखे पाए गए हैं।
जानकारों के अनुसार, सीमा पार से ऐसे गुब्बारे अक्सर सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान भटकाने, क्षेत्र में भ्रम फैलाने या किसी संदिग्ध गतिविधि को अंजाम देने की मंशा से भेजे जाते हैं। ऐसे मामलों में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो जाती हैं, क्योंकि कई बार इन गुब्बारों के साथ संदिग्ध सामग्री, संदेश या तकनीकी उपकरण भी जुड़े हो सकते हैं। छतरगढ़ थाना प्रभारी नवनीत सिंह ने बताया कि फिलहाल गुब्बारे की जांच की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर इसे सुरक्षा एजेंसियों और विशेषज्ञ टीम को सौंपा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button