लंबे बाल और दाढ़ी तक पर भारी जुर्माना, लखनऊ के लोहिया संस्‍थान में नए नियम

लखनऊ के लोहिया संस्‍थान में 4 हजार कर्मचारी काम करते हैं। एजेंसी की तरफ से आदेश आने के बाद कर्मचारियों में रोष व्‍याप्‍त है।

लखनऊ/एजेंसी। चश्‍मा बनाने वाली मशहूर कंपनी लेंसकार्ट आजकल विवादों में है। पिछले दिनों सोशल मीडिया पर कंपनी की पुरानी इंटरनल ग्रूमिंग पॉलिसी वायरल हो गई। इस पॉलिसी में बिंदी, तिलक और कलावा जैसे हिंदू धार्मिक प्रतीकों पर रोक का दावा किया गया था, जबकि हिजाब की अनुमति थी। इसके बाद लेंसकार्ट का विरोध शुरू हो गया। अब यूपी की राजधानी लखनऊ से भी ऐसा एक मामला सामने आया है। यहां लोहिया संस्‍थान में आउटसोर्स कर्मचारियों को एजेंसी की तरफ से अजब-गजब फरमान जारी किए गए हैं।
आदेश में कहा गया है कि बालों में जुड़ा या हेयरनेट ना पहनने पर महिला कर्मचारियों से 200 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। इसी तरह, पुरुषों को दाढ़ी या लंबे बाल रखने पर इतना ही जुर्माना भरना होगा। इस आदेश से कर्मचारियों में आक्रोश व्‍याप्‍त हो गया है।
एजेंसी के कैंप मैनेजर की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि ड्यूटी पर रहते हुए आईकार्ड ना पहनने या नेमप्‍लेट ना लगाने पर 100 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। वर्दी ना पहनने पर 200 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना लगेगा। ड्यूटी के दौरान सोने, सिगरेट पीने और शराब का सेवन करने वालों को 500 रुपये जुर्माना भरना होगा।
इसके अलावा बिना पूर्व सूचना के ड्यूटी से गैरहाजिर होने पर भी 200 रुपये अदा करने होंगे। अवैध या अनुचित तरीके अपनाने, कार्यस्‍थल पर किसी तीसरे पक्ष या अधिकारियों के साथ मिलीभगत करने का दोषी पाए जाने पर बर्खास्‍तगी की जाएगी। इसके अलावा काउंटर पर तैनात कंप्‍यूटर ऑपरेटर को मोबाइल फोन जमा करना होगा। इस आदेश से आउटसोर्स कर्मचारियों में खलबली मच गई है।
लोहिया संस्‍थान में करीब 4000 आउटसोर्स कर्मचारी तैनात हैं। कर्मचारियों का कहना है कि केजीएमयू और पीजीआई समेत प्रदेश के दूसरे संस्‍थानों में भी आउटसोर्स कर्मचारी तैनात हैं पर उनके लिए ऐसे नियम नहीं हैं। लोहिया के कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button