महाराष्ट्र में बाइक टैक्सी के खिलाफ सरकार सख्त, एप स्टोर से उबर, ओला और रैपिडो हटाने के निर्देश
महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में अवैध बाइक टैक्सियों पर सख्ती दिखाते हुए गूगल और एप्पल को उबर, ओला, रैपिडो जैसे एप्स हटाने को कहा है।

मुंबई/एजेंसी। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में बैन की गई बाइक टैक्सियों पर सख्ती बरतते हुए गूगल और एप्पल को चिट्ठी लिखी है और उबर, ओला और रेपिडो जैसे एप्स को अपने एप स्टोर से हटाने को कहा है। महाराष्ट्र साइबर डिपार्टमेंट का कहना है कि बिना मंजूरी वाले बाइक टैक्सी ऑपरेशन पैसेंजर की सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा हैं। महाराष्ट्र साइबर के एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस ने इन टेक दिग्गज कंपनियों को चिट्ठी में लिखा, ‘यह देखा गया है कि कुछ एप-बेस्ड प्लेटफॉर्म बिना सही परमिशन, सरकारी मंजूरी या ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के तय नियमों और मोटर व्हीकल्स एक्ट के प्रावधानों का पालन किए बिना, बाइक टैक्सी ऑपरेशन के जरिए बड़े पैमाने पर पैसेंजर ट्रांसपोर्ट सर्विस चला रहे हैं।’
महाराष्ट्र साइबर का कहना है, ‘ऐसी रिपोर्ट्स मिली हैं कि ड्राइवर वेरिफिकेशन के तरीके, इंश्योरेंस सुरक्षा, महिलाओं की सुरक्षा के उपाय और इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम काफी नही हैं। इसके अलावा, ऐसी बाइक टैक्सी ऑपरेशन में आम तौर पर होने वाली तेज और लापरवाही भरी ड्राइविंग से आम लोगों की सुरक्षा को काफी खतरा पैदा होता है। राज्य सरकार ने बताया, ‘हाल ही में एक गंभीर घटना सामने आई जिसमें इनमें से किसी एक एप के जरिए चलाई जा रही बाइक टैक्सी सर्विस की वजह से एक महिला की मौत हो गई। इस मामले में एक क्रिमिनल केस दर्ज किया गया है और महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में भी इसी तरह के कई और केस दर्ज होने की खबरें हैं।’
विभाग ने जोर देकर कहा कि ऐसी बाइक टैक्सी सर्विस मुख्य रूप से पैसे कमाने के लिए चलाई जा रही हैं, जबकि वे राज्य के कानूनी ढांचे की अनदेखी कर रही हैं। इसलिए उसने कंपनियों से कहा कि वे एप्पल एप्स स्टोर और गूगल प्ले स्टोर से इन एप्स को हटा दें और उन तक लोगों की पहुंच बंद कर दें। सरकार ने नोटिस में वॉर्निंग देते हुए लिखा, ‘आपको चेतावनी दी जाती है कि अगर समय पर कार्रवाई न करने की वजह से कोई भी गैर-कानूनी या नुकसान पहुंचाने वाली घटना होती है, तो उसके लिए आपको ही जिम्मेदार ठहराया जाएगा।’ महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने शनिवार को साइबर डिपार्टमेंट को निर्देश दिया कि वे राज्य में बाइक टैक्सी ऑपरेशन चलाने के लिए उबर, ओला और रैपिडो के खिलाफ एफआईआर दर्ज करें।
सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें चल रही थीं कि इन एप-बेस्ड एग्रीगेटर्स की सर्विसें महाराष्ट्र में पूरी तरह से बंद कर दी गई हैं। वहीं महाराष्ट्र के सूचना और जनसंपर्क महानिदेशालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए सरकार का रुख साफ किया। महाराष्ट्र सरकार ने साफ किया, ‘सरकार की कार्रवाई सिर्फ गैर-कानूनी बाइक टैक्सी ऑपरेशन तक ही सीमित है। सोशल मीडिया पर चल रहा यह दावा कि महाराष्ट्र में उबर, ओला और रैपिडो की सभी सेवाएं पूरी तरह से बंद कर दी गई हैं, ये बात भ्रम फैलाने वाली है।’




