फतेहपुर में मछलियों से लदा लोडर पलटा, ग्रामीणों में मची लूट
बन्दुपुर रोड पर टायर फटने से हुआ हादसा, मछलियां सड़क पर बिखरीं

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर में विजयीपुर क्षेत्र के बन्दुपुर रोड के पास बुधवार को मछली से लदी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक को मामूली चोटें आईं। यह पिकअप बहुवा बड़ा गांव (मछरिया) से मछली लादकर प्रतापगढ़ जा रही थी। बन्दुपुर-नरैनी रोड पर मोड़ के पास नरैनी की तरफ से आते समय पिकअप का पिछला बायां टायर अचानक फट गया। टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और सड़क पर मछलियां बिखर गईं। जिस कारण मछलियों की मौत हों गई। हादसे में पिकअप में सवार चालक सहित चार लोग घायल हुए। चालक सतीश कुमार सरोज (निवासी सकरदहा, थाना बाघराय, जिला प्रतापगढ़) को हल्की खरोंचें आईं। वहीं, मिथलेश कुमार (30 वर्ष), मिथुन सरोज (35 वर्ष) (दोनों निवासी रामपुर कोटवा, थाना बाघराय) और शिवपूजन गौतम (निवासी पचमहुवा, थाना बाघराय, जिला प्रतापगढ़) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को विजयीपुर पीएचसी भेजा गया। पीएचसी में डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों की हालत देखते हुए उन्हें हरदो सीएचसी रेफर कर दिया। विजयीपुर चौकी प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि मछली लदी पिकअप का बायां टायर फटने से यह हादसा हुआ। उन्होंने पुष्टि की कि सड़क बाधित नहीं हुई थी और एम्बुलेंस की सहायता से तीन घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
रोड पर बिखरीं मछलियों को देखकर आसपास के ग्रामीणों ने उन्हें लूटने के लिए दौड़ पड़े। हादसा होते ही आसपास के लोग पहुंचे और कुछ ही देर में पुलिस भी घटनास्थल पर आई। इस दौरान भीड़ ने बड़ी संख्या में मछलियां लूट लीं।




