कानपुर में चार महीने से नाबालिग से रेप कर रहा था मौलाना

कानपुर/उत्तर प्रदेश। यूपी के कानपुर से शर्मनाक घटना सामने आई है। कानपुर में फातिया कराने वाला हाफिज 14 वर्षीय नाबालिग के साथ चार महीने से दुष्कर्म कर रहा था। इसकी वजह से नाबालिग गर्भवती हो गई। हाफिज ने नाबालिग को गर्भपात कराने वाली दवा खिला दी। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, तो पता चला कि बेटी तीन महीने की गर्भवती है। यह सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने हाफिज के खिलाफ रेप, पॉक्सो, गर्भपात, जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नौबस्ता थाना क्षेत्र स्थित एक महिला परिवार के साथ रहती है। महिला ने पुलिस को बताया कि घर के सामने रहने वाला हाफिज वजहुल कमर उर्फ सोनू फातिया कराने के लिए घर आता था। हाफिज ने 14 वर्षीय बेटी को बहला फुसलाकर और लालच देकर बेटी को अपने जाल फंसा लिया। बेटी को घर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। बेटी ने जब उसकी करतूत का विरोध किया, तो उसने बेटी और परिवारिक सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने लगा।
पीड़िता की मां के मुताबिक इसी दौरान बेटी गर्भवती हो गई। हाफिज ने गर्भपात कराने वाली दवा खिला दी। इससे बेटी की तबीयत खराब हो गई। जब बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया, तो पता चला कि तीन माह की गर्भवती है। इस बारे में जब बेटी से पूछा गया, तो उसने हाफिज की करतूतों से पर्दा उठाया। पीड़ित परिवार ने शनिवार रात हाफिज के खिलाफ नौबस्ता थाने में तहरीर दी थी।
नौबस्ता थाना प्रभारी जगदीश पांडेय ने बताया कि हाफिज के खिलाफ शिकायती पत्र मिला था। आरोपी को देर रात ही गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसके साथ ही पीड़िता की तबीयत ठीक हो जाने पर मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए जाएंगे।



