सीमा पार का प्यार, जेल की दीवार पार! पाकिस्तानी प्रेमिका को मिली रिहाई

Love across the border, across the prison wall! Pakistani girlfriend gets released

सीतामढ़ी/बिहार। कहा जाता है कि ‘प्यार’ एक ऐसा ‘रोग’ है, जिसके लग जाने पर प्रेमी-प्रेमिका को न तो दिन का पता चलता है और न रात का। प्रेमी जोड़े पर प्यार का नशा जब पूरे परवान पर चढ़ता है, तो उसे न तो आगे दिखता है और न पीछे। यूं कहे कि गड्ढा-खाई भी उसे समतल ही नजर आता है। ऐसे जोड़े को परिवार और समाज की भी चिंता नहीं रहती है। ऐसे ही जोड़े में शामिल हैं पाकिस्तान की युवती खादिजा नूर। खादिजा नूर अपने प्रेमी से मिलने दो देश की सीमा को लांघकर पाकिस्तान से भारत पहुंची थी। तब सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजरों से नहीं बच सकी थी और बॉर्डर पर ही पकड़ ली गई थीं।
भारत-नेपाल सीमा के भिट्ठामोड़ बॉर्डर से वो पकड़ी गई थीं। उसके साथ उसका प्रेमी और एक अन्य युवक भी पकड़े गए थे। तीनों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। प्रेमी और एक अन्य युवक को तुरंत सिविल कोर्ट, सीतामढ़ी से जमानत मिल गई थी और वो बाहर आ गए थे, लेकिन पाक युवती को बेल मिलने के बावजूद बाहर आने का रास्ता साफ नहीं हो सका था। लेकिन अब युवती और उसके प्रेमी को हाइकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाइकोर्ट के आदेश पर पाक युवती खादिजा नूर जेल से बाहर आ गई है। अब वह प्रेमी के साथ रह सकेगी। हालांकि हाईकोर्ट की ओर से कुछ शर्तों के साथ पाक युवती को जेल से बाहर आने की इजाजत दी गई है।
स्थानीय सिविल कोर्ट में उक्त पाक युवती की प्रारंभ से ही अधिवक्ता सेराज अहमद कोर्ट में उसकी पैरवी कर रहे है। बताया कि एडीजे- 7 कोर्ट से पाक युवती नूर को 18 अक्टूबर 22 को ही जमानत मिल गई थी, पर कोर्ट की ओर से स्थानीय जमानतदार होने की शर्त रख दी गई थी। युवती पाक की है। इस कारण उसका कोई जमानतदार नहीं बना और जमानत मिलने के बावजूद उसे जेल में ही रहना पड़ा था। इस बीच, पाक युवती की ओर से हाइकोर्ट में वाद दायर किया गया। जहां से उसे राहत मिली है।हाईकोर्ट ने आदेश के बाद उसका प्रेमी सैयद हैदर और अन्य व्यक्ति जमानतदार बना है और वह जेल से निकली हैं। हालांकि शर्त यह है कि पाक युवती अपने प्रेमी के साथ रह सकती है, लेकिन उसे हर तारीख को कोर्ट में पहुंच कर हाजिरी लगानी होगी। इतना ही नहीं, वह जहां रहेगी अपने नजदीक के पुलिस स्टेशन में भी अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। अधिवक्ता अहमद ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर ही पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है। एक वर्ष के अंदर इस मामले का निपटारा करने का भी आदेश संबंधित कोर्ट को मिला है। यह वाद अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी, पुपरी के कोर्ट में चल रहा है।
सीतामढ़ी जिला अंतर्गत इंडो-नेपाल के भिट्ठामोड़ बॉर्डर से पाक युवती नूर, हैदराबाद के उसके प्रेमी सैयद हैदर और एक नेपाली युवक को तब पकड़ा, जब वे नेपाल से भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे थे। युवती के पास से एसएसबी को फर्जी आधार कार्ड के आलावा बीजा, मोबाईल, दो हजार पाक और यूएई का करेंसी बरामद हुआ था। वह हैदराबाद के अपने प्रेमी से मिलने के लिए पाक से दुबई के रास्ते काठमांडू (नेपाल) पहुंची थी और नेपाल से भिट्ठामोड़ बॉर्डर होते हुए भारतीय सीमा में प्रवेश कर रही थी।
वह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के फैसलाबाद की है। उससे बरामद आधार कार्ड पर उसकी नहीं, बल्कि दूसरे की तस्वीर थी। आधार कार्ड हैदराबाद का था। युवती के वीजा पर उसके पाकिस्तान लौटने की तारीख 4 सितंबर 22 अंकित थी। अधिवक्ता अहमद ने बताया कि पाक युवती जेल से बाहर आ गई है और प्रेमी संग संभवतः सीतामढ़ी में ही कहीं रह रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button