मेरठ मेट्रो का शुभारंभ करने के साथ इसमें यात्रा भी करेंगे मोदी
22 फरवरी के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने शुरू की तैयारी

मेरठ/उत्तर प्रदेश। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 फरवरी को बहुप्रतीक्षित मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन (मेरठ साउथ से मोदीपुरम स्टेशन तक विस्तार) को हरी झंडी दिखाएंगे। उनका कार्यक्रम तय हो गया है। प्रधानमंत्री मेरठ साउथ स्टेशन से मोदीपुरम तक स्कूली बच्चों के साथ मेरठ मेट्रो की यात्रा भी करेंगे। उनके दौरे को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल, एडीजी भानु भास्कर, कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी, डीआइजी कलानिधि नैथानी, डीएम डा. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय मीना ने गुरुंवार को मेरठ साउथ स्टेशन से लेकर मोदीपुरम स्टेशन तक व्यवस्था परखी। शताब्दी नगर स्टेशन से मेरठ साउथ स्टेशन तक अधिकारी नमो भारत ट्रेन (Rapid rail) में बैठे।

प्रधानमंत्री 22 फरवरी को पूर्वान्ह 11.25 हेलीकाप्टर से मेरठ के मोहिउद्दीनपुर आएंगे। यहां वह मेरठ साउथ स्टेशन पर नमो भारत ट्रेन के विस्तार और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। उसके बाद वह मेरठ मेट्रो में सवार होंगे। उनके साथ 100 स्कूली बच्चे भी रहेंगे। मेरठ साउथ स्टेशन से मोदीपुरम तक 23 किमी का सफर वह ट्रेन से करेगे। सभी स्टेशनों पर प्रधानमंत्री का स्वागत होगा। मोदीपुरम से वह वापस ट्रेन से ही मोहिउद्दीनपुर आकर यहां दोपहर एक बजे जनसभा को सम्बोधित करेंगे। जनसभा के बाद दोपहर 2.30 बजे वह हेलीकाप्टर से नई दिल्ली जाएंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर रैपिड स्टेशन पर रंगाई पुताई का काम चल रहा है। हरियाली पर फोकस किया जा रहा है। प्रत्येक स्टेशन पर पेड़ पौधे लगाए जा रहे है। रोड रोलर से जनसभा स्थल पर जमीन का समतलीकरण का काम शुरू हो गया है। 36 एकड़ जमीन पर टेंट लगाया जाएगा। मंच से कुछ ही दूरी पर तीन हेलीपैड बनाया जाएंगे। अधिकारियों ने स्थल पर जाकर समतलीकरण काम देखा और मंच, पार्किंग और हेलीपैड को लेकर जरूरी निर्देश दिए। जनसभा स्थल तक आने वाले सभी लिंक रोड के मरम्मत करने के निर्देश दिए। कहा कि कहीं कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए।

स्टेशन पर प्रवेश-निकास द्वार तैयार
नमो भारत व मेरठ मेट्रो के मोदीपुरम स्टेशन तक संचालन के लिए सुरक्षा संबंधित अनुमति काफी पहले मिल चुकी है। यात्रियों के लिए आवश्यक प्रवेश-निकास द्वार तैयार हैं। तीनों भूमिगत स्टेशन भी तैयार हैं। मोदीपुरम स्टेशन व मोदीपुरम डिपो अभी निर्माणाधीन हैं, इसके पूर्ण होने में अभी समय लगेगा। मेट्रो को शुभारंभ से सात-आठ महीने तक दुहाई से ही चलाया जाएगा। गौरतलब है कि नमो भारत का संचालन दुहाई डिपो से होता है, जबकि मोदीपुरम डिपो मेट्रो के संचालन के लिए बनाया जा रहा है।




